पति को नींद की गोली देकर रुपए, जेवर लेकर भागी दुल्हन, युवती व यूपी-पश्चिम बंगाल के दो दलालों पर केस

पति को नींद की गोली देकर रुपए, जेवर लेकर भागी दुल्हन, युवती व यूपी-पश्चिम बंगाल के दो दलालों पर केस

प्रेषित समय :16:07:55 PM / Fri, Jul 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रतलाम. मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के बड़ी सरवन निवासी एक युवक ने दो दलालों के माध्यम से 3.12 लाख रुपए देकर उत्तर प्रदेश की युवती से शादी की. युवक का आरोप है कि शादी के एक महीने बाद दुल्हन उसे पानी में नींद की गोली मिलाकर पिला गई और घर से नकदी व जेवर लेकर फरार हो गई. युवक शिकायत लेकर सरवन थाने के चक्कर लगाता रहा, लेकिन वहां केवल गुमशुदगी दर्ज की गई.

इसके बाद पीडि़त एसपी अमित कुमार के पास पहुंचा. एसपी के निर्देश पर को युवक के साथ हुई कथित धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के मामले में महिला और दो दलालों के खिलाफ रतलाम के स्टेशन रोड थाने में शून्य पर केस दर्ज किया गया, जिसे बाद में सरवन थाने भेज दिया गया.

बड़ी सरवन निवासी पीडि़त प्रितेश रेगा (32) ने रिपोर्ट में बताया कि डेढ़-दो साल पहले उसकी पहचान जावरा के नांदवेल निवासी नंदू उर्फ नंदलाल से हुई थी. नंदू ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल के विकास बोरी के साथ मैरिज ब्यूरो चलाता है. दोनों ने व्हाट्सएप पर कई लड़कियों की तस्वीरें भेजीं. जब प्रितेश ने तस्वीरों पर भरोसा नहीं होने की बात कही तो दोनों ने उसे उत्तर प्रदेश जाकर लड़कियां देखने की सलाह दी.

चंदौली जाकर लड़की देखी, गांव लाकर की शादी

प्रितेश अपने जीजा प्रमोद मंडवारिया के साथ उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले पहुंचा. वहां विकास बोरी ने उसे चार लड़कियां दिखाई. इनमें से उसे सुमन नाम की युवती पसंद आई. विकास ने शादी के लिए 3 लाख रुपए मांगे. प्रितेश ने कहा कि वह पैसे दे देगा, लेकिन लड़की उसके साथ रहे और कोई धोखा न हो. इस पर नंदू और विकास ने भरोसा दिलाया कि लड़की हमेशा उसके साथ रहेगी. इसके बाद उसने शादी के लिए सहमति दे दी.

प्रितेश के अनुसार, विकास सुमन को उसके साथ भेज दिया. दोनों गांव पहुंचे और 4 मई 2025 को नंदू की मौजूदगी में शादी हुई. नंदू और विकास के कहने पर उसने एक बार 90 हजार रुपए, दूसरी बार 1 लाख 85 हजार रुपए ऑनलाइन उनके बताए खातों में जमा किए. इसके अलावा 37 हजार रुपए अपने खाते से ट्रांसफर किए. इस तरह कुल 3 लाख 12 हजार रुपए आरोपियों को दिए गए.

एक महीने बाद पैसे लेकर भागी

पीडि़त ने बताया कि शादी के बाद सुमन करीब एक महीने तक उसके साथ रही. इस दौरान वह उसे सांवरियाजी, मंदसौर और भादवामाता सहित कई जगह घुमाने भी ले गया. कुछ दिन बाद वह बार-बार गांव जाने की जिद करने लगी. इस पर उसने विकास से बात की तो उसने कहा कि उसे यहीं रहने दो.

खाना नहीं खाया तो पानी में मिलाई नींद की गोली

प्रितेश का आरोप है कि 6 जून 2025 की रात करीब 2 बजे सुमन एक बोलेरो वाहन में सवार होकर भाग गई. उससे पहले उसने रात में पानी में नींद की गोली मिलाकर उसे पिला दी. जब उसकी नींद खुली तो सुमन घर में नहीं थी. बाहर निकलकर देखा तो एक बोलेरो जाती हुई दिखाई दी. युवक का आरोप है कि महिला 30 हजार रुपए नकद और चांदी की पायजेब भी अपने साथ ले गई.

आधार कार्ड भी फर्जी था

पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद उसने सुमन के आधार कार्ड की फोटोकॉपी से जानकारी निकाली. जांच में आधार कार्ड फर्जी निकला और उस पर नाम आशिया खान मिला. प्रितेश का कहना है कि जब वह शादी के लिए चंदौली पहुंचा था, तब विकास और उसके साथ मौजूद 10-15 लोग उसे सुमन के घर नहीं ले गए. उसे प्रशांत होटल एंड लॉज में ही रुकवाया गया और वहीं पूरी बातचीत कर सुमन को उसके साथ भेज दिया गया.

एसपी से शिकायत के बाद दर्ज हुआ केस

पीडि़त का आरोप है कि सरवन थाने में शिकायत देने के बाद भी पुलिस ने पहले उसे टालने की कोशिश की. घटना के तीन दिन बाद केवल गुमशुदगी दर्ज की गई, लेकिन आगे कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके बाद वह एसपी अमित कुमार से मिला. एसपी के निर्देश पर रतलाम के स्टेशन रोड थाने में शून्य पर मामला दर्ज किया गया. बाद में केस सरवन थाने भेज दिया गया. पुलिस ने नंदू उर्फ नंदलाल निवासी नांदवेल (जिला रतलाम), सुमन पिता बलवंत निवासी शिवपुर, मिर्जापुर (उत्तर प्रदेश) और विकास बोरी निवासी नरेंद्रपुरा बग्दा, पुनाहा, बर्दवान (पश्चिम बंगाल) के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4) और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-