100 की स्पीड से दौड़ रही मालगाड़ी के 2 डिब्बे हुए बेपटरी, रतलाम-चित्तौडग़ढ़ के बीच हादसा

100 की स्पीड से दौड़ रही मालगाड़ी के 2 डिब्बे हुए बेपटरी, रतलाम-चित्तौडग़ढ़ के बीच हादसा

प्रेषित समय :11:42:42 AM / Fri, May 8th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

मंदसौर. रतलाम-चित्तौडग़ढ़ रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण कार्य के दौरान गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात ट्रैक परीक्षण के चलते मालगाड़ी के दो डिब्बे बेपटरी हो गए. इस घटना में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की खबर नहीं है. 

देर रात दलोदा के निकट हुए इस हादसे के बाद अफऱा तफरी मच गई और काफी देर तक दलोदा रेलवे फाटक बंद रहा. जिससे सीता मऊ और दलोदा आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. हादसे के बाद रतलाम और चित्तौड़ के कर्मचारियों की दो टीमें मौके पर पहुंची और कढ़ी मशक्कत के बाद बेपटरी डिब्बों को वापस ट्रैक पर चढ़ाया गया.

100 की स्पीड से ट्रेनों का ट्रायल

रतलाम-चित्तौडग़ढ़ रेलवे ट्रैक के दोहरीकरण कार्य में 6 मई से 8 मई तक दो दिन का ट्रैक प्रशिक्षण कार्य जारी है. रेलवे बोर्ड का अमला दलोदा और मंदसौर के बीच 14 किलोमीटर लंबे इस ट्रैक पर 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से गाडिय़ां चलाकर ट्रैक परीक्षण का काम कर रहा है. इसी सिलसिले में गुरुवार की देर रात यह हादसा हुआ. गनी मत यह रही कि इस घटना में किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई.

मरम्मत के बाद ट्रैक पर चढ़ाए डिब्बे

नीमच और रतलाम के बीच 133 किलोमीटर के ट्रैक के दोहरीकरण का कार्य चल रहा है, जिसमें ट्रैक का 90 प्रतिशत काम पूरा हो गया है. जून महीने तक इस पर आवागमन चालू होने के आसार है. दलोदा और मंदसौर के बीच बहने वाली शिवना नदी पर बने नए पुल और इस ट्रैक के अधूरे काम के पूरे होने के बाद 2 दिन तक इसके परीक्षण का काम जारी था. आधी रात के बाद दोनों डिब्बों को ट्रैक पर चढ़ा दिया गया और परीक्षण का काम फिर से शुरू हुआ.

रेलवे ने दिए जांच के आदेश

इस मामले में रतलाम रेल मंडल के पीआरओ मुकेश कुमार ने बताया कि, रात्रि 1:30 बजे के करीब डिरेल हुए डिब्बों को काटकर अलग कर दिया गया. वही बेपटरी डिब्बों को ट्रैक पर चढ़ाते हुए ट्रैक की व्यवस्था सुचारू की गई है. उन्होंने कहा कि, नीमच और रतलाम के बीच चल रहे रेलवे दोहरीकरण कार्य में केवल 14 किलोमीटर के इस ट्रैक पर काम बाकी था जो पूरा कर लिया गया है. बीती रात हुई घटना के जांच के आदेश दे दिए गए हैं. दो दिन पूर्व रेलवे सीआरएस ई श्री निवास के दौरे के बाद परीक्षण का काम जारी है, जो 8 मई शाम तक चलेगा. इसके बाद इस ट्रैक पर निरस्त हुई गाडिय़ों को 9 मई से शुरू कर दिया जाएगा.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-