बीसीसीआई: रोहित शर्मा के भविष्य पर मचे घमासान पर नाराज, चयनकर्ताओं को दिया साफ संदेश

बीसीसीआई: रोहित शर्मा के भविष्य पर मचे घमासान पर नाराज, चयनकर्ताओं को दिया साफ संदेश

प्रेषित समय :17:19:19 PM / Sat, Jul 18th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा के वनडे भविष्य को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रही अटकलों के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बड़ा कदम उठाया है. मीडिया में रोहित के संभावित संन्यास और टीम में उनकी जगह को लेकर आई खबरों के बाद बोर्ड नाराज बताया जा रहा है. रिपोर्ट्स के अनुसार, बीसीसीआई ने मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति को स्पष्ट संदेश दिया है कि खिलाडिय़ों के भविष्य से जुड़ी गोपनीय चर्चाएं मीडिया तक नहीं पहुंचनी चाहिए.

हाल ही में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि चयनकर्ताओं ने रोहित शर्मा को संकेत दे दिया है कि इंग्लैंड दौरे के बाद वह वनडे टीम की भविष्य की योजनाओं का हिस्सा नहीं होंगे. इसके बाद यह अटकलें तेज हो गई थीं कि लॉर्ड्स में खेला जाने वाला तीसरा वनडे उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला हो सकता है. हालांकि, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इन दावों को आधिकारिक तौर पर खारिज कर दिया.

एक की रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड इस बात से नाराज है कि चयनकर्ताओं और रोहित शर्मा के बीच हुई निजी बातचीत मीडिया तक पहुंच गई. बीसीसीआई ने चयन समिति को सख्त हिदायत दी है कि भविष्य में इस तरह के संवेदनशील मामलों से जुड़ी कोई भी जानकारी सार्वजनिक न की जाए. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि रोहित के भविष्य को लेकर चयनकर्ताओं के साथ लंबे समय से चर्चा चल रही है और इस प्रक्रिया की जानकारी मुख्य कोच गौतम गंभीर को भी थी.

रिपोर्ट के अनुसार, रोहित शर्मा फिलहाल संन्यास लेने के इच्छुक नहीं हैं. उन्होंने बीसीसीआई के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने 2027 वनडे विश्व कप खेलने की अपनी इच्छा भी कई बार जाहिर की है. हालांकि, अलग-अलग सूत्रों के हवाले से रिपोर्ट में दो तरह के दावे किए गए हैं. एक पक्ष का कहना है कि रोहित किसी भी स्थिति में अभी संन्यास नहीं लेना चाहते, जबकि दूसरे पक्ष का दावा है कि चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट के रवैये से वह निराश हैं और भविष्य को लेकर बड़ा फैसला ले सकते हैं.

इससे पहले आई एक अन्य रिपोर्ट में दावा किया गया था कि चयनकर्ताओं ने रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल दोनों से भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की थी. बताया गया कि चयन समिति सीमित ओवरों के क्रिकेट में यशस्वी जायसवाल को लगातार अवसर देने के पक्ष में है. चयनकर्ताओं का मानना है कि युवा बल्लेबाज ने मिले सीमित मौकों में प्रभावशाली प्रदर्शन किया है और अब वह लंबी अवधि तक टीम में मौके पाने के हकदार हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-