जबलपुर के उमरिया में नगर निगम बनायेगा 20 एकड़ में बनेगा नगर वन, मियावाकी तकनीक से तैयार होगा घना जंगल

जबलपुर के उमरिया में नगर निगम बनायेगा 20 एकड़ में बनेगा नगर वन, मियावाकी तकनीक से तैयार होगा घना जंगल

प्रेषित समय :11:00:59 AM / Mon, Jul 20th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. संस्कारधानी जबलपुर की आबोहवा सुधारने और पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जबलपुर नगर निगम 20 एकड़ में नगर वन विकसित करेगा. रांझी के उमरिया क्षेत्र स्थित शासकीय भूमि पर इस महत्वाकांक्षी परियोजना की शुरुआत की जाएगी. प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं.

मियावाकी तकनीक से तैयार होगा जंगल

परियोजना में जापानी मियावाकी पद्धति का उपयोग किया जाएगा, जिससे कम समय में घना और प्राकृतिक जंगल विकसित किया जा सके. इस वन क्षेत्र में केवल स्थानीय जलवायु के अनुकूल पौधे लगाए जाएंगे. इनमें नीम, पीपल और गूलर जैसे छायादार वृक्षों के साथ अमरूद, जामुन, आम और कटहल जैसे फलदार पौधे शामिल होंगे. इसके अलावा विभिन्न औषधीय पौधों का भी रोपण किया जाएगा.

प्रदूषण नियंत्रण और जैव विविधता पर रहेगा फोकस

नगर निगम का मानना है कि सघन हरित क्षेत्र शहर में बढ़ते प्रदूषण को कम करने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद करेगा. साथ ही, यह जैव विविधता को बढ़ावा देने के साथ पक्षियों और अन्य जीवों के लिए भी अनुकूल वातावरण तैयार करेगा.

पर्यटन और मनोरंजन का भी बनेगा नया केंद्र

नगर वन को केवल हरित क्षेत्र के रूप में ही नहीं, बल्कि आधुनिक पर्यटन और मनोरंजन केंद्र के रूप में भी विकसित किया जाएगा. परियोजना के तहत—
प्रकृति के बीच वॉकिंग ट्रैक बनाया जाएगा.
नेचुरोपैथी सेंटर विकसित किया जाएगा.
खेल गतिविधियों के लिए स्पोर्ट्स जोन तैयार होगा.
फाउंटेन युक्त आकर्षक तालाब भी बनाया जाएगा.
नगर निगम का कहना है कि यह परियोजना शहर को स्वच्छ और हरित बनाने के साथ-साथ लोगों को प्रकृति के करीब लाने और जबलपुर में इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-