जबलपुर. मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में रविवार की देर शाम जबलपुर-भोपाल नेशनल हाईवे-45 पर तेज रफ्तार हाईवा ने 6 दोस्तों को कुचल दिया. इनमें से 4 की मौके पर ही मौत हो गई, 2 ने इलाज के दौरान देर रात दम तोड़ दिया. ये सभी नरसिंहपुर-जबलपुर सीमा पर हाथीनाला वॉटरफॉल घूमने आए थे. लौटते समय इंदिरा नगर के पास हादसे का शिकार हो गए.
मृतकों के नाम राजेंद्र पटेल, वीरेंद्र लोधी (20), रामपाल सिंह लोधी (21), जयपाल सिंह लोधी (30), आकाश सिंह लोधी (24) और नीरज सिंह लोधी (25) बताए गए हैं. सभी जबलपुर के पावला निवासी थे. पुलिस के मुताबिक, सभी दोस्त हाथीनाला वॉटरफॉल में पिकनिक मनाकर लौट रहे थे. शाम करीब 6 बजे इंदिरा नगर के पास हाईवे किनारे रुककर सेल्फी लेने लगे. इसी दौरान तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें टक्कर मार दी.
सड़क से दूर खड़े थे युवक
चश्मदीदों ने बताया कि तेज रफ्तार वाहन कुछ ही सेकेंड में सड़क किनारे खड़े युवकों को टक्कर मारकर निकल गया. हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई, तब पता चला. स्थानीय दुकानदार बोले कि युवक सड़क से करीब दो फीट की दूरी पर खड़े थे. फोटो खिंचवाते वक्त हाईवा ने रौंद दिया.
टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार
एएसपी संदीप भूरिया ने कहा- हाईवा ड्राइवर गाड़ी लेकर फरार हो गया. सुआतला थाना पुलिस घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. जल्द ही आरोपी का पता लगा लिया जाएगा.

