अनुगुल. ओडिशा के ढेंकानाल जिले में बुधवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई. शादी समारोह से लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गहरे तालाब में जा गिरी. कार में सवार सात दोस्तों में से दो ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जबकि पांच अन्य डूब गए.
यह हादसा ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के छतिया गांव के पास हुआ. जानकारी के अनुसार, मोटांगा थाना क्षेत्र के बंगुरासिंह गांव के सात दोस्त इंदिपुर गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर देर रात कार से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे तालाब में जा गिरी.
कार के पानी में डूबते ही उसमें सवार युवकों में चीख-पुकार मच गई. बबलू और शिबू नामक दो युवकों ने हिम्मत दिखाते हुए कार का दरवाजा तोड़ा और तैरकर बाहर निकल आए. उन्होंने ग्रामीणों को घटना की सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद कार को बाहर निकालकर उसमें फंसे पांच युवकों को निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
मृतकों की पहचान चालक चंद्रकांत स्वाईं, अबिनाश साहू, राकेश साहू, श्रीराम साहू और अभिजीत साहू के रूप में हुई है. सभी की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई गई है. पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल भेज दिया है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है. एक साथ पांच युवकों की मौत से बंगुरासिंह गांव में शोक की लहर दौड़ गई. जिला अस्पताल में भी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


