वाराणसी. केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बनारस रेल मंडल में बड़ी कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक (सीनियर डीएमएम) नितेश अग्रवाल को 1.70 लाख रुपये घूस लेते गिरफ्तार कर लिया. सीबीआई अब बैंक से जुड़े दस्तावेजों को खंगाल रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, सीनियर डीएमएम नितेश अग्रवाल ने रेलवे में फर्नीचर सप्लाई करने वाले एक ठेकेदार से बिल पास करने और ठेके के एवज में रिश्वत की मांग की थी. ठेकेदार ने इसकी शिकायत सीबीआई से की. शिकायत का सत्यापन करने के बाद सीबीआई की टीम ने जाल बिछाया और अधिकारी को रिश्वत की रकम लेते ही मौके पर दबोच लिया.
देर रात से ठिकानों पर छापेमारी जारी
अधिकारी की गिरफ्तारी के बाद सीबीआई की टीम देर रात से ही नितेश अग्रवाल के दफ्तर और सरकारी आवास सहित अन्य ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है. सीबीआई की टीम अधिकारी के परिजनों और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ के साथ-साथ संपत्ति व बैंक खातों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों को खंगाल रही है.


