जबलपुर. शहर के रांझी क्षेत्र में स्थित जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. शुक्रवार को कॉलेज के पुराने बंद पड़े ओल्ड फिफ्थ (छात्रावास क्रमांक 9) में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय रांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.
बताया जाता है कि हॉस्टल नंबर 9 काफी लंबे समय से खाली और जर्जर स्थिति में पड़ा हुआ है. सुनसान होने के कारण अक्सर यहाँ असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बना रहता है. शुक्रवार को जब हॉस्टल के ग्राउंड फ्लोर पर शव देखा गया, तो कॉलेज प्रशासन और छात्रों के बीच हड़कंप मच गया. तत्काल इसकी जानकारी पुलिस को दी गई.
रांझी थाने के जांच अधिकारी केके पांडे ने बताया कि कॉलेज के प्रिंसिपल द्वारा सूचना भिजवाई गई थी, जिसके बाद हम मौके पर पहुंचे. मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की जा रही है. अब तक की जांच में ज्ञात हुआ है कि मृतक कोई अज्ञात व्यक्ति है, जो मांगकर खाता-पीता था और यहीं घूमता रहता था. उसका कोई घर-परिवार नहीं है. कलाई पर एक पुराना चोट या नस काटने जैसा निशान दिख रहा है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी.
जबलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजीव चांदोड़े ने घटना और परिसर की सुरक्षा पर अपनी बात रखते हुए कहा कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने कॉलेज गेट पर आकर सूचना दी थी कि ओल्ड फिफ्थ हॉस्टल के ग्राउंड फ्लोर पर एक लाश पड़ीं है, जो अब उपयोग में नहीं है. इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया. मृतक का संस्था से कोई संबंध नहीं है. सुरक्षा को लेकर हमारे पास सीमित स्टाफ है, फिर भी छात्रावासों और परिसर की सुरक्षा की जाती है. परिसर के अंदर एक मंदिर होने के कारण बाहर के लोगों की आवाजाही बनी रहती है, जिन्हें रोकने में काफी परेशानी होती है.

