गुजरात में भारी बारिश से तबाही: स्कूल में फंसे 57 लोगों को सेना ने बचाया, सूरत में 4800 से ज्यादा लोग शिफ्ट

गुजरात में भारी बारिश से तबाही: स्कूल में फंसे 57 लोगों को सेना ने बचाया, सूरत में 4800 से ज्यादा लोग शिफ्ट

प्रेषित समय :19:15:03 PM / Sat, Jul 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

अहमदाबाद. गुजरात में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. शनिवार 25 जुलाई को सेना ने नवसारी जिले के रिंग रोड पर स्थित टाटा हाई स्कूल में पानी में फंसे 57 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके अलावा सेना ने दादरा और नगर हवेली के मधुबन बांध इलाके के संदूरी गांव से भी 23 जोखिम वाले नागरिकों को बचाकर राहत शिविर पहुंचाया. बाढ़ प्रभावित इलाकों से मदद की गुहार मिलने के बाद सेना ने मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियान शुरू किया.

दक्षिणी कमान ने संदूरी गांव में बचाव दल भेजे. सेना के जवानों ने नागरिक प्रशासन और स्थानीय स्वयंसेवकों के साथ मिलकर लोगों को सुरक्षित निकाला. मौके पर ही चिकित्सा सहायता दी गई और गांव में रह रहे लोगों को राशन व राहत सामग्री भी बांटी गई. सेना ने कहा कि राहत और बचाव कार्य अभी जारी हैं. बारिश के कारण कई सड़कें बंद हो गई हैं. अहमदाबाद-विरमगाम हाईवे को पानी का बहाव तेज होने की वजह से कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया. अहमदाबाद जिला पुलिस ने कहा, सानंद से विरमगाम और विरमगाम से सनंद के बीच किसी भी वाहन का चलना सुरक्षित नहीं है. हम अभी के लिए पूरा हाईवे बंद कर रहे हैं.

अहमदाबाद जिला कलेक्टर भव्य वर्मा ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन अधिकारी सतर्क हैं. अहमदाबाद-राजकोट हाईवे पर सेना और NDRF की टीमें तैनात की गई हैं. उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में ढोलका और विरमगाम में सबसे ज्यादा बारिश हुई. मौसम विभाग ने कल भी अहमदाबाद जिले के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-