जबलपुर. शासकीय रेल पुलिस (जीआरपी) ने कटनी-भुसावल और भुसावल-कटनी एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रियों के सामान और आभूषण चोरी करने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. गिरफ्तार आरोपित उत्तर प्रदेश का निवासी और आदतन अपराधी बताया जा रहा है. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के कई सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं. साथ ही पूछताछ में सामने आया कि चोरी किए गए कुछ गहने कटनी के एक ज्वेलर्स को भी बेचे गए थे, जिसके बाद पुलिस ने वहां से भी सामान बरामद कर लिया है.
रेल पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश के निर्देशन और रेल उप पुलिस अधीक्षक अंकिता सुल्या के मार्गदर्शन में जीआरपी द्वारा रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ के लिए विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के दौरान मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-1 के इटारसी छोर पर संदिग्ध हालत में घूम रहे एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में उसने अपना नाम राजा निषाद (52) निवासी जगदेव का अखाड़ा, चित्रकूट (उत्तर प्रदेश) बताया.
पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया. सख्ती से पूछताछ करने पर उसने करीब ढाई महीने पहले कटनी-भुसावल और भुसावल-कटनी ट्रेनों में यात्रियों के बैग और आभूषण चोरी करने की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया. आरोपी ने यह भी बताया कि वह वर्तमान में कटनी के खिरहनी फाटक क्षेत्र में रहकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था.
आरोपी की निशानदेही पर जीआरपी ने एक सोने का हार, तीन सोने की नाक की लोंग, एक सोने की नथ, एक मंगलसूत्र और 12 सोने की गुरिया बरामद कीं. पूछताछ में उसने यह भी खुलासा किया कि चोरी की दो सोने की अंगूठियां और एक जोड़ी चांदी की पायल कटनी के गोल बाजार स्थित मुस्कान ज्वैलर्स में बेच दी थी. आरोपी की जानकारी के आधार पर पुलिस ने संबंधित दुकान पर पहुंचकर चोरी का सामान भी बरामद कर लिया.
जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है. आशंका है कि उसने विभिन्न ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाकर कई वारदातों को अंजाम दिया है. पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और अन्य राज्यों में दर्ज मामलों की भी जानकारी जुटा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

