सहरसा से बेंगलुरु जा रहा यात्री चलती ट्रेन से गिरकर घायल, जबलपुर स्टेशन पर चिकित्सा उपलब्ध कराया

सहरसा से बेंगलुरु जा रहा यात्री चलती ट्रेन से गिरकर घायल, जबलपुर स्टेशन पर चिकित्सा उपलब्ध कराया

प्रेषित समय :17:22:58 PM / Sat, Jul 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. यात्री सुरक्षा एवं त्वरित चिकित्सीय सहायता सुनिश्चित करने की दिशा में जबलपुर रेल मंडल द्वारा एक बार फिर तत्परता का परिचय दिया गया. उप स्टेशन प्रबंधक (परिचालन) द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि 22351 सहरसा जंक्शन–बेंगलुरु एक्सप्रेस से यात्रा कर रहा एक यात्री देवरी–अधारताल रेलखंड (कि.मी. 1000/0) के निकट ट्रेन से गिरकर घायल हो गया है. उक्त घायल यात्री को ट्रेन संख्या 11272 के गार्ड ब्रेक वैन के माध्यम से जबलपुर स्टेशन लाया गया.

जबलपुर स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 2 पर ट्रेन के आगमन पर ऑन ड्यूटी उप स्टेशन प्रबंधक आशीष चड्ढा एवं अनन्या क्लिनिक के चिकित्सा कर्मी अतुल ने घायल यात्री को तत्काल प्राथमिक उपचार प्रदान किया. इसके उपरांत रेलवे चिकित्सालय से संपर्क कर डॉ. संजय द्वारा घायल यात्री का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया. चिकित्सकीय परीक्षण के बाद बेहतर उपचार हेतु उसे भर्ती करने की सलाह दी गई, जिसके अनुसार रेलवे एम्बुलेंस से उसे शासकीय चिकित्सालय भेजा गया.

घटना के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौके पर उपस्थित रहे तथा आवश्यक सहयोग प्रदान किया. घायल यात्री की पहचान आकाश (पुरुष), आयु 18 वर्ष के रूप में हुई, जो अपने दो-तीन साथियों के साथ सहरसा जंक्शन से बेंगलुरु की यात्रा कर रहा था.

यात्री ने समय पर उपचार मिलने पर रेलवे का जताया आभार

रेलवे प्रशासन की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई के परिणामस्वरूप घायल यात्री को समय पर आवश्यक चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई गई. रेलवे की तत्पर एवं संवेदनशील कार्यप्रणाली से संतुष्ट होकर घायल यात्री के साथियों ने जबलपुर रेल मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई, मानवीय संवेदनशीलता तथा सहयोग की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-