जबलपुर में दिव्यांग ऑर्डिनेंस कर्मी से ठगी, वाशिंग मशीन सुधारने के बहाने एक लाख रुपए उड़ाए

जबलपुर में दिव्यांग ऑर्डिनेंस कर्मी से ठगी, वाशिंग मशीन सुधारने के बहाने एक लाख रुपए उड़ाए

प्रेषित समय :16:53:32 PM / Sun, Jul 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में गूगल पर वाशिंग मशीन सुधारने के लिए टेक्नीशियन का नंबर ढूंढ रहे एक दिव्यांग ऑर्डिनेंस कर्मी को शातिर ठगों ने अपना निशाना बना लिया. अधारताल थाना क्षेत्र के केसर विहार निवासी 49 वर्षीय नवीन चतुर्वेदी के साथ 99,590 रुपए की ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

बताया गया है कि नवीन चतुर्वेदी को घर की वॉशिंग मशीन खराब होने पर उसकी मरम्मत करानी थी. इसके लिए उन्होंने गूगल पर टेक्नीशियन का मोबाइल नंबर खोजा और उस पर संपर्क किया. सामने वाले व्यक्ति ने वॉशिंग मशीन टेक्नीशियन का नंबर उपलब्ध कराने का झांसा दिया और उन्हें व्हाट्सएप पर जुडऩे को कहा. इसके बाद ठग ने व्हाट्सएप पर एक संदेश के साथ एक संदेहास्पद एपीके फाइल भेजी और नवीन चतुर्वेदी से उस पर क्लिक करने को कहा.

जैसे ही पीडि़त ने फाइल पर क्लिक किया, उनके मोबाइल की स्क्रीन पूरी तरह काली हो गई. स्क्रीन बंद होते ही बैकग्राउंड में लगातार मैसेज आने लगे, जिन्हें पीडि़त देख नहीं पा रहे थे. मोबाइल में इस संदिग्ध गतिविधि के कारण उन्हें किसी साइबर फ्रॉड की आशंका हुई. आशंका होने पर पीडि़त ने तुरंत एसबीआई एटीएम पहुंचकर अपने बैंक ऑफ इंडिया (खमरिया शाखा) के खाते का बैलेंस चेक किया. उन्हें पता चला कि बिना किसी ओटीपी, पिन या अन्य गोपनीय जानकारी साझा किए बिना ही उनके खाते से 4 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 99,590 रुपए निकाल लिए गए थे. मामले की लिखित शिकायत पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर अज्ञात साइबर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-