जापान के क्यूशू इलाके में आया 7.1 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी, चीन में भी लगे झटके

जापान के क्यूशू इलाके में आया 7.1 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी, चीन में भी लगे झटके

प्रेषित समय :13:59:34 PM / Tue, Jul 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

टोक्यो. जापान के क्यूशू इलाके में 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया है. इसके साथ सुनामी की चेतावनी भी जारी की गई है और लोगों को समुद्र और तटों से दूर रहने की सलाह दी गई है. 

भूकंप के बाद जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने 1 मीटर (3.28 फीट) ऊंची लहरों वाली सुनामी की चेतावनी जारी की है. जापान सरकार ने दक्षिणी क्यूशू द्वीप के कुमामोटो, नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइता और मियाजाकी प्रांतों के लिए आपातकालीन भूकंप चेतावनी जारी की है. मौसम एजेंसी ने लोगों को समुद्र और तटों से दूर रहने की सलाह दी है.

चीन के छिंगहाई प्रांत में 20 मिनट के भीतर आए दो भूकंप

इससे पहले, चीन के एक दूरदराज प्रांत में भी मंगलवार सुबह करीब 20 मिनट के अंतराल में दो भूकंप के झटके महसूस किए गए. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) ने बताया कि चीन के छिंगहाई प्रांत में सुबह 11 बजकर 16 मिनट और 11 बजकर 34 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए. इनकी तीव्रता क्रमश: 5.7 और 5.8 थी. दोनों भूकंप जमीन से 10 किलोमीटर (6 मील) की गहराई पर आए. भूकंप से किसी के हताहत होने की तत्काल कोई सूचना नहीं है. इन भूकंपों का असर पड़ोसी गांसू प्रांत के लानझोउ शहर में भी महसूस किया गया. यह इस इलाके के सबसे बड़े शहरों में से एक है. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में शहर के घरों के अंदर लगे लैंप हिलते हुए दिखाई दिए.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-