जबलपुर. एमपी के जबलपुर में बीटी बंगला गढ़ा में रहने वाले अरुण श्रीवास्तव को फेसबुक पर रील देखना महंगा पड़ गया. रील देखते वक्त एप का विज्ञापन आया, जिसपर क्लिक हो गया और खाते से 2 लाख 74 हजार रुपए निकल गए. पुलिस ने वृद्ध अरुण श्रीवास्तव की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
पुलिस के अनुसार, बीटी बंगला निवासी अरुण कुमार श्रीवास्तव उम्र 73 वर्ष का सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में खाता है. उन्होंने बताया कि 2 जून की शाम करीब 5 बजे वे अपने मोबाइल पर फेसबुक रील्स देख रहे थे. इसी दौरान एक ऐप का विज्ञापन आया, जिस पर गलती से क्लिक हो गया और वह ऐप उनके फोन में डाउनलोड हो गया. इसके कुछ दिनों बाद, 9 जून को अरुण कुमार को खाते से 97 हजार रुपए निकलने का मैसेज मिला.
आशंका होने पर जब उन्होंने अपना बैंक खाता चेक किया, तो पता चला कि जालसाजों ने 7 जून को 80 हजार रुपए, 8 जून को 97 हजार रुपए और 9 जून को फिर 97 हजार रुपए अवैध रूप से ट्रांसफर कर लिए थे. इस तरह कुल 2 लाख 74 हजार रुपए की धोखाधड़ी हुई. जांच में सामने आया कि विज्ञापन के जरिए पीडि़त के मोबाइल में एपीके मैलवेयर डाउनलोड हुआ था, जिसने उनके फोन को पूरी तरह हैक कर लिया था. गढ़ा थाना पुलिस ने पीडि़त की लिखित शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

