जबलपुर में जश्न-ए-इस्तीफा के साथ छात्रों का प्रदर्शन, राष्ट्र्रीय जीत के बाद स्थानीय रोजगार-पलायन पर आंदोलन की तैयारी

जबलपुर में जश्न-ए-इस्तीफा के साथ छात्रों का प्रदर्शन, राष्ट्र्रीय जीत के बाद स्थानीय रोजगार-पलायन पर आंदोलन की तैयारी

प्रेषित समय :06:15:26 AM / Tue, Jul 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन की जीत के बाद जबलपुर के सिविक सेंटर में स्थानीय युवाओं ने जोरदार जश्न मनाया। इस अवसर पर युवाओं ने इसे युवा शक्ति की जीत बताते हुए जश्न-ए-इस्तीफा नाम से एक रैली निकाली। हाथों में तख्तियां लिए और नारे लगाते हुए युवाओं ने कहा कि यह तो बस शुरुआत है।
                             युवाओं ने चेतावनी दी कि यदि छात्र और युवा हितों के साथ खिलवाड़ बंद नहीं हुआ, तो आने वाले समय में केंद्र और राज्य सरकारों के खिलाफ यह जनआंदोलन और भी उग्र रूप धारण करेगा। उन्होंने जवाबदेही तय करने की मांग की। जश्न के इस माहौल के बीच जबलपुर के युवाओं ने शहर में बढ़ती बेरोजगारी और बड़े पैमाने पर हो रहे पलायन पर भी चिंता व्यक्त की। युवाओं का आरोप है कि राजनीतिक उपेक्षा और भेदभाव के कारण जबलपुर में कोई बड़ा औद्योगिक निवेश या मल्टीनेशनल कंपनियां नहीं आ पा रही हैं। पर्याप्त रोजगार न मिलने के कारण शहर का प्रतिभावान हुनर मजबूरी में बड़े शहरों की ओर पलायन कर रहा है। इसे लेकर स्थानीय युवाओं ने अब जबलपुर के स्तर पर एक बड़ा रोजगार आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। रैली में शामिल कई पीडि़त छात्रों ने अपनी समस्याएं साझा करते हुए शिक्षा-व्यवस्था और भर्ती प्रक्रियाओं पर सवाल उठाए। पैरामेडिकल के छात्रों ने बताया कि चयन प्रक्रिया में सफल होने के बावजूद, केवल प्राइवेट यूनिवर्सिटी से कोर्स करने का हवाला देकर उन्हें नौकरियों से वंचित कर दिया गया है। युवाओं ने स्पष्ट किया कि डिग्री होने के बावजूद रोजगार न मिलने का यह मुद्दा आने वाले दिनों में एक प्रमुख मांग बनकर उभरेगा और इसके लिए निर्णायक लड़ाई लड़ी जाएगी। जबलपुर के युवाओं ने एक स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकार चाहे किसी भी पार्टी की हो, अब देश का युवा जागरूक हो चुका है। राष्ट्रीय स्तर के मुद्दों से मिली सीख के बाद अब स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करने, पलायन रोकने और शिक्षा प्रणाली में व्याप्त विसंगतियों के खिलाफ यह संघर्ष निरंतर जारी रहेगा।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-