जबलपुर. एमपी के जबलपुर में तिलवारा घाट पर उस वक्त चीख पुकार मच गई, जब दो युवकों नहाते वक्त गहराई में जाकर डूबने लगे. नाविकों ने एक को तो बचा लिया, लेकिन दूसरा युवक लापता हो गया. जिसकी गोताखोर टीम तलाश में जुटी है.
पुलिस के अनुसार, डूबे हुए युवक की पहचान 19 वर्षीय संदेश कोल के रूप में हुई है, जबकि बचाए गए किशोर की उम्र 15 वर्ष बताई जा रही है. दोनों दोपहर करीब 3 बजे तिलवारा घाट पर नहाने पहुंचे थे. पहले संदेश नदी में उतरा, जिसके बाद उसका छोटा भाई भी पानी में चला गया. नर्मदा नदी में पानी का बहाव अत्यधिक तेज होने के कारण दोनों अचानक संतुलन खो बैठे और डूबने लगे. उन्हें पानी में छटपटाते देख किनारे पर मौजूद नाविक तुरंत हरकत में आए. एक नाविक की डोंगी नाबालिग को बचाने के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गई.
इसके बावजूद, पास ही मौजूद दूसरे नाविक ने तत्परता दिखाते हुए 15 वर्षीय किशोर को पानी से बाहर खींचकर उसकी जान बचा ली. हालांकि, 19 वर्षीय संदेश कोल पानी के तेज बहाव के कारण गहराई में समा गया और देखते ही देखते ओझल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही तिलवारा थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से डूबे युवक की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नदी में जलस्तर और बहाव काफी तेज होने की वजह से बचाव अभियान में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. संदेश कोल का फिलहाल कोई सुराग नहीं मिल सका है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

