जबलपुर/नरसिंहपुर. नरसिंहपुर के गाडरवारा तहसील कार्यालय के बाबू को जबलपुर से पहुंची लोकायुक्त टीम ने उस वक्त रंगे हाथ पकड़ा है. जब वह तीन हजार रुपए की रिश्वत ले रहा था. उक्त रिश्वत वह जमीन के नक्शा सुधार का आदेश जारी करने के एवज में ले रहा था.
इस संबंध में लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले ने बताया कि बरहटा निवासी शिकायतकर्ता आशीष कुमार कौरव ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी जमीन के नक्शा दुरुस्ती का मामला गाडरवारा तहसील में पेंडिंग था. केस में आदेश जारी कराने के लिए तहसील कार्यालय के बाबू अजय कुमार श्रीवास्तव ने 5 हजार रिश्वत की मांग की थी, जो बाद में 3 हजार में तय हुई.
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने रणनीति बनाई और गुरुवार को आरोपी बाबू अजय कुमार श्रीवास्तव को उसके कार्यालय में 3 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. लोकायुक्त इंस्पेक्टर ब्रजमोहन सिंह नरबरिया ने बताया कि आरोपी के पास से रिश्वत की रकम जब्त कर ली है. लोकायुक्त की छह सदस्यीय टीम में इंस्पेक्टर ब्रजमोहन सिंह नरबरिया, राहुल गजभीये और यादव शामिल रहे. फिलहाल आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है.

