देवघर. झारखंड के देवघर में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला अब रफ्तार पकडऩे लगा है. आज सावन शुरु हुए तीसरा दिन है. पहले दिन 74987 कांवरियों ने जल चढ़ाए. दूसरे दिन 1,05,179 कांवरियों ने बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग पर जलार्पण किया. बाबा पर जलार्पण का सिलसिला जारी है. अब तक लगभग दो लाख कांवरिए जल चढ़ा चुके हैं. मुख्य अरघा से 81,985, बाह्य अरघा से 19,472 और शीघ्रदर्शनम व्यवस्था के तहत 3,722 श्रद्धालुओं ने जल चढ़ाया.
इन दिनों कांवरिया पथ केसरिया रंग में सराबोर नजर आ रहा है. हर ओर बोल बम व हर-हर महादेव के जयघोष गूंज रहे हैं. कांवरिए बाबा बैद्यनाथ ज्योतिर्लिंग पर जलार्पण कर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं. गंगाजल लेकर पहुंचे शिवभक्तों की कतारें सुबह से ही कई किलोमीटर तक फैली रहीं. कांवर में बंधे घुंघरुओं की मधुर ध्वनि और श्रद्धालुओं के उत्साह ने पूरे देवघर को शिवमय बना दिया.
पुलिस बल के साथ-साथ स्वयंसेवकों की तैनाती
मेले के सफल संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर सुबह से ही खुद कांवरियों की कतारों में घूम-घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे. पुलिस बल के साथ-साथ स्वयंसेवकों की तैनाती से व्यवस्था सुचारु बनी रही.
मंदिर परिसर से लेकर कांवरिया पथ तक हर जगह सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. कूपन व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से मंझला खंड तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे भीड़ नियंत्रण में रही और जलार्पण शांतिपूर्ण ढंग से होता रहा.
गुलाब जल की फुहार से मिल रही राहत
उमस भरी गर्मी के बीच नगर निगम द्वारा कांवरियों के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. स्प्रिंकलर मशीनों के माध्यम से सुगंधित गुलाब जल का छिड़काव किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को ताजगी का एहसास हो रहा है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

