रायपुर/बोकारो. डिजिटल सुरक्षा को लेकर जरा सी लापरवाही कितनी भारी पड़ सकती है, इसका एक ताजा मामला रायपुर के डीडी नगर से सामने आया है. यहां रहने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) विष्णु दत्त बघेल के मोबाइल पर एक संदिग्ध मैसेज आया. जैसे ही उन्होंने उस लिंक पर क्लिक किया, उनका पूरा मोबाइल हैक हो गया. इसके बाद ठगों ने मात्र तीन दिनों के भीतर उनके यूको और एक्सिस बैंक खातों से कुल 3.94 लाख रुपये पार कर दिए. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस एवं 66(डी) आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया.
झारखंड से जुड़े तार, दो आरोपी गिरफ्तार:
मामले की जांच के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया. पुलिस ने जब बैंकिंग ट्रांजेक्शन और मोबाइल डेटा के इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगाला, तो आरोपियों की लोकेशन झारखंड के बोकारो जिले में मिली. पुलिस टीम ने तुरंत बोकारो में छापेमारी कर दो आरोपियों—विशाल कुमार सिंह (26) और महेश प्रसाद सिंह (34)—को गिरफ्तार कर लिया.
कब्जे से मिला सामान:
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने फर्जी मैसेज भेजकर मोबाइल हैक करने और पैसे ट्रांसफर करने की बात कबूल की है. पुलिस ने उनके पास से अपराध में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन, एक चेक बुक और दो हजार रुपये नकद बरामद किए हैं.
साइबर पुलिस की चेतावनी: पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात या संदिग्ध नंबर से आए मैसेज, लॉटरी के झांसे या अनजान लिंक पर कभी भी क्लिक न करें. एक छोटी सी गलती आपके बैंक खाते को पूरी तरह खाली कर सकती है. फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके देशव्यापी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

