सागर. एमपी ही नहीं देश के बीचों बीच बसे बुंदेलखंड के संभागीय मुख्यालय सागर में कई सड़क परियोजनाएं आकार ले रही हैं. जिसमें फोरलेन, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, 6 लेन परियोजनाएं और सागर शहर भविष्यों में नेशनल हाईवे के जंक्शन की तरह नजर आएगा. अब इसी कड़ी में सांसद लता वानखेड़े सागर को रेलवे का जंक्शन बनवाने के लिए जुट गई हैं.
सांसद लता वानखेड़े ने पिछले दिनों दिल्ली में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर सागर से जुड़ी रेल परियोजनाओं के विस्तार पर चर्चा की है. जिसमें ललितपुर, सागर, करेली, छिंदवाड़ा लाइन की संशोधित डीपीआर की स्वीकृति का भी मामला है. रेलमंत्री ने सांसद लता वानखेड़े को जल्द स्वीकृति का आश्वासन दिया है.
बीना और मंडी बामोरा में ट्रेन स्टॉपेज की मांग
सागर सांसद लता वानखेड़े ने शुक्रवार को दिल्ली में सागर संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और नई रेल लाइन के लिए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की. अपनी मुलाकात की जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की है.
सांसद लता वानखेड़े ने बताया, भारत सरकार के रेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर सागर लोकसभा क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित रेल मांगों के संदर्भ में ज्ञापन सौंपा. जिसमें बीना जंक्शन पर रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव, मंडी बामोरा स्टेशन पर डॉ. अंबेडकर नगर-प्रयागराज एक्सप्रेस (14115/14116) का स्टॉपेज की मांग की है. इससे कुरवाई, सिरोंज और शमशाबाद विधानसभा के नागरिकों के लिए सुविधा बढ़ेगी. इन मांगों को लेकर रेलमंत्री ने जल्द विचार कर पूरा करने का आश्वासन दिया है.
नई रेल लाइन से सागर बनेगा रेल जंक्शन
सांसद लता वानखेड़े ने बताया, रेलमंत्री के सामने प्रमुख रूप से ललितपुर-सागर-करेली-छिंदवाड़ा नई रेल लाइन की संशोधित डीपीआर को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है. डीपीआर की स्वीकृति के बाद जल्द निर्माण कार्य प्रारंभ करने का आग्रह भी किया है. लता वानखेड़े का कहना है, ये रेल परियोजना बुंदेलखंड, महाकौशल और सतपुड़ा क्षेत्र को दक्षिण भारत से जोड़ने वाला सबसे छोटा और सुगम मार्ग बनेगा. जिससे सागर स्टेशन एक प्रमुख जंक्शन के रूप में विकसित होगा और क्षेत्र के औद्योगिक, शैक्षणिक एवं पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी.

