दतिया उपचुनाव परिणाम : कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह 6053 मतों से विजयी, भाजपा की करारी हार

दतिया उपचुनाव परिणाम : कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह 6053 मतों से विजयी, भाजपा की करारी हार

प्रेषित समय :17:36:03 PM / Mon, Aug 3rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

दतिया. दतिया उपचुनाव के लिए आज मतगणना हुई. सबसे पहले टेबल नंबर 21 पर 451 डाक मतपत्रों की गिनती पूरी की गई. फिर ईवीएम की मतों की गिनती की गई. इस चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के मुख्य प्रत्याशियों समेत कुल 21 प्रत्याशी मैदान में थे. दतिया की सीट पर कांग्रेस ने बीजेपी को एक बार फिर हरा दिया. कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने इस सीट पर 6053 वोटों जीत दर्ज की.

राजेंद्र भारती को कोर्ट से सजा मिलने पर खाली हुई थी सीट

दतिया विधानसभा सीट कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को सहकारी ग्रामीण विकास बैंक फ्रॉड मामले में 2 साल की सजा मिलने के बाद खाली हुई थी. 2023 के विधानसभा चुनाव में भारती ने तत्कालीन गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को 7742 वोटों से हराया था. भोपाल में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचे. उन्होंने दतिया के मतदाताओं को बधाई दी.

कार्यकर्ताओं की तपस्या की जीत है- जीतू पटवारी

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दतिया उप चुनाव पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह कार्यकर्ताओं की तपस्या की जीत है. हमारा एक-एक कार्यकर्ता मैदान में आखिरी समय तक डाटा रहा. दतिया के मतदाताओं ने भाजपा सरकार के कुशासन, भ्रष्टाचार की व्यवस्था, अनुसूचित जाति- जनजाति, पिछड़ वर्ग पर हो रहे अत्याचार, बेरोजगारी को लेकर अपना मत दिया है. किसान की जो उपेक्षा भाजपा सरकार में हो रही है, उसकी नाराजगी भी सामने आई. वहीं, पार्टी नेता राहुल गांधी द्वारा जनहित में उठाए जा रहे मुद्दों का समर्थन भी जनादेश के माध्यम से सामने आया है. मैं दतिया के मतदाताओं को साधुवाद देता हूं जिन्होंने निडरता के साथ लोकतंत्र की रक्षा के लिए मतदान किया. यह एक प्रकार से भाजपा के कुशासन के विरुद्ध शंखनाद है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-