तमिलनाडु : एक्ट्रेस तृषा पर भद्दी टिप्पणी मामले में पूर्व डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन गिरफ्तार, भारी हंगामा

तमिलनाडु : एक्ट्रेस तृषा पर भद्दी टिप्पणी मामले में पूर्व डिप्टी सीएम उदयनिधि स्टालिन गिरफ्तार, भारी हंगामा

प्रेषित समय :14:59:44 PM / Tue, Aug 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

चेन्नई. तमिलनाडु की राजनीति में एक बार फिर बड़ा भूचाल आ गया है. मशहूर अभिनेत्री तृषा और राज्य के मुख्यमंत्री विजय को लेकर की गई एक कथित अपमानजनक और दोअर्थी टिप्पणी के मामले में पूर्व डिप्टी सीएम और डीएमके के कद्दावर नेता उदयनिधि स्टालिन को गिरफ्तार कर लिया गया है. चेन्नई पुलिस की एक टीम उन्हें उनके आवास से उठाकर ले गई. इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी से पहले उनके घर के बाहर भारी ड्रामा देखने को मिला, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को तोडऩे की कोशिश कर रहे कई डीएमके कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया.

डीएमके नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन को हिरासत में लेने के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया. बताया जा रहा है कि पुलिस की टीम उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच चेन्नई से तंजावुर ले जा रही है, जहां कागजी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा. इस गिरफ्तारी के विरोध में डीएमके समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा है. पुलिस जिस ईसीआर रोड से उदयनिधि को लेकर जा रही है, वहां समर्थकों ने भारी जाम लगा दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. हालात को काबू में करने के लिए पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाने में जुटी है.

आखिर कैसे शुरू हुआ यह पूरा विवाद?

यह पूरा विवाद तंजावुर में कावेरी जल विवाद को लेकर आयोजित एक जनसभा के दौरान शुरू हुआ था. इस रैली को संबोधित करते हुए उदयनिधि स्टालिन मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साध रहे थे. तभी अचानक भीड़ में से कुछ लोगों ने तृषा, तृषा चिल्लाना शुरू कर दिया. इस पर उदयनिधि ने अपना भाषण बीच में रोककर एक ऐसी टिप्पणी कर दी, जिसे बेहद अपमानजनक और दोहरे अर्थ वाली माना गया. उनके इस बयान के बाद सत्तारूढ़ पार्टी टीवीके ने कड़े विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी थी और मुख्यमंत्री के खिलाफ टिप्पणी करने को लेकर पुलिस के अतिरिक्त कमिश्नर नरेंद्रन नायर ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की थी. टीवीके के साथ-साथ बीजेपी ने भी इस भद्दी टिप्पणी के लिए उदयनिधि की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी, जिसके बाद पुलिस ने यह बड़ा एक्शन लिया है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-