जबलपुर। एमपी के जबलपुर में जेल से बाहर आते ही शातिर बदमाश पिंटू सुल्तानी उर्फ पिंटू ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर गढ़ा क्षेत्र में चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में आज पिंटू को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसके दो साथियों को पकडऩे के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार मुजावर मोहल्ला निवासी पिंटू सुल्तानी उर्फ पिंटू के खिलाफ मारपीट, चाकूबाजी, अवैध वसूली सहित कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वह दो दिन पहले ही जेल से बाहर आया और सोमवार को देर रात उसने अपने साथियों अजय खान और एक अन्य युवक के साथ मिलकर मोहल्ले में रहने वाले समीर खान और उसके साथी से विवाद किया। विवाद बढऩे पर तीनों ने दोनों युवकों पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। घटना में घायल समीर खान और उसके साथी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी का समीर खान से पुराना विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि जेल जाने से पहले पिंटू ने समीर को धमकी दी थी कि बाहर आने के बाद उसे जिंदा नहीं छोड़ेगा। जेल से रिहा होने के दो दिन बाद ही उसने कथित तौर पर उसी रंजिश में हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी पिंटू सुल्तानी को आज सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में शामिल उसके दोनों साथी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
जबलपुर में कुख्यात बदमाश को पुलिस ने किया गिरफ्तार, जेल से बाहर आते ही चलाए थे चाकू
प्रेषित समय :15:18:38 PM / Tue, Aug 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




