रायपुर. छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) को अधिक पारदर्शी, हाई-टेक और सुलभ बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है. खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने प्रदेश की राजधानी रायपुर समेत तीन प्रमुख शहरों-रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में ऑनलाइन माध्यम से देश के आधुनिक 'ग्रेन एटीएम' (Grain ATM) का शुभारंभ किया. इस सुविधा के शुरू होने से अब आम नागरिकों और राशन कार्ड धारकों को दुकानों के बाहर घंटों लंबी लाइनों में खड़े रहने से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी.
देश का 5वां राज्य बना छत्तीसगढ़
उद्घाटन के दौरान मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार इस प्रकार की ऑटोमेटिक अनाज वितरण व्यवस्था लागू की गई है. इस नई पहल के साथ ही छत्तीसगढ़ देश का पांचवां ऐसा राज्य बन गया है, जहां एटीएम के जरिए सीधे चावल निकाला जा सकेगा.
इस सुविधा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि 'वन नेशन वन राशन कार्ड' (ONORC) योजना के तहत न केवल छत्तीसगढ़ के स्थानीय निवासी, बल्कि उत्तराखंड, ओडिशा और उत्तर प्रदेश जैसे अन्य राज्यों के राशन कार्ड धारक भी इस एटीएम से अपना राशन प्राप्त कर सकेंगे.
2500 किलोग्राम क्षमता और 24 घंटे सुरक्षा
ग्रेन एटीएम को आधुनिक तकनीक और सुरक्षा मापदंडों के साथ तैयार किया गया है:
स्वचालित लोडिंग: इस मशीन की कुल भंडारण क्षमता 2500 किलोग्राम है, और इसमें चावल की लोडिंग पूरी तरह से ऑटोमेटिक होगी.
24x7 सेवा: हितग्राही अपनी सुविधा और समय के अनुसार दिन हो या रात, कभी भी आकर अपने कोटे का चावल निकाल सकते हैं.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: एटीएम परिसर की सुरक्षा के लिए 24 घंटे CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी और सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे.
इस नई तकनीकी व्यवस्था से सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता आएगी, कालाबाजारी पर रोक लगेगी और समय की भारी बचत होगी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

