पंजाब में दर्दनाक हादसा : तेज रफ्तार कार ने कांवडिय़ों को कुचला, 3 की मौके पर मौत, 1 घायल

पंजाब में दर्दनाक हादसा : तेज रफ्तार कार ने कांवडिय़ों को कुचला, 3 की मौके पर मौत, 1 घायल

प्रेषित समय :11:55:53 AM / Sun, Aug 9th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

फतेहगढ़ साहिब. पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में रविवार की सुबह तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला, जहां कार ने 4 कांवडिय़ों को कुचल दिया, जिससे 3 की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 1 की हालत गंभीर बनी हुई है. ये सभी शिवरात्रि के लिए गंगोत्री से गंगाजल की डाक कांवड़ लेकर फरीदकोट लौट रहे थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है.

हादसा सरहिंद-मंडी गोबिंदगढ़ के बीच हाईवे पर हुआ. सभी मृतक कोटकपूरा के रहने वाले हैं. इसमें डॉक्टर हरपाल गली निवासी जगदीश मित्तल (40), हरीनौ रोड निवासी महेंद्र पाल ( 43) और सुरगापुरी निवासी दीपक कुमार(42) शामिल हैं. जबकि गंभीर घायल कोटकपूरा के सरकारी गर्ल स्कूल के पास रहने वाले मुकेश गोयल को अस्पताल भर्ती करवाया गया है.

जानकारी के अनुसार, यह कांवडि़ए कोटकपूरा से दो अलग-अलग कांवड़ संघों के साथ गंगोत्री से डाक कांवड़ लाने के लिए रवाना हुए थे. 30 जुलाई को वे गंगोत्री के लिए रवाना हुए थे और 10 अगस्त, सोमवार को कांवड़ लेकर कोटकपूरा वापस लौटना था. कोटकपूरा के प्राचीन डेरा दूधाधारी से शिव त्रिलोकी नाथ कांवड़ संघ तथा श्री रामबाग मंदिर से न्यू शिव कांवड़ संघ के जत्थे गंगोत्री से डाक कांवड़ लाने के लिए रवाना हुए थे. इसी दौरान वापसी के समय यह हादसा हो गया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-