जबलपुर. एमपी के जबलपुर में बरेला-मंडला रोड पर अतुलित फिलिंग स्टेशन पेट्रोल पम्प पर देर रात हथियारबंद बदमाशों ने डकैती डाल दी. बदमाशों ने पम्प में कर्मचारियों पर हमला कर नगदी रुपए लूटे और बिना नम्बर की स्कार्पियों से भाग निकले. देर रात तीन बजे के लगभग हुई घटना की खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने पूछताछ के बाद डकैतों की तलाश शुरु कर दी है.
बताया गया है कि विजय नगर निवासी अखिलेश यादव का बरेला-निवास-मंडला रोड पर अतुलित फिलिंग स्टेशन के नाम से पेट्रोल पम्प है, जहां पर रात तीन बजे के लगभग बिना नम्बर की स्कार्पियों आकर रुकी, जिसे देख कर्मचारी लखन सोयाम व अभिषेक पटेल ने समझा कि पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए आए होगे. इस बीच स्कार्पियों से 7 बदमाश उतरे और आफिस की ओर आए, जिन्हे देख कर्मचारी घबरा गए.
अभिषेक पटेल तो बाउंड्रीवाल कूदकर भाग निकला, लेकिन लखन सोयाम आफिस में ही रहा, हथियार बंद डकैतों ने लखन की कनपटी पर कट्टा अड़ाया और जेब से 9 हजार रुपए निकाल लिए. इसके बाद टेबिल की ड्राज में रखे बिक्री के 40 हजार 170 रुपए व 35हजार 305 रुपए जो अलग अलग पैकेट में रखे थे, निकाले और धमकी देते हुए भाग निकले. डकैती की घटना से घबराए कर्मचारी लखन ने मनेरी पुलिस व पम्प मालिक को खबर दी. खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने पूछताछ के बाद सीसीटीवी के फुटेज निकालकर डकैतों की तलाश शुरु कर दी. घटना को लेकर मंडला पुलिस द्वारा जबलपुर पुलिस की भी मदद ली जारही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

