नई दिल्ली. स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत गुरुवार को राजधानी दिल्ली में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया. इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए लाल किले से लेकर अंतरराज्यीय सीमाओं (बॉर्डर्स) तक पुलिस और सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है. शहर के कई प्रमुख मार्गों को बंद कर यातायात को डायवर्ट किया गया है और वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है.
लाल किले और आसपास के रास्ते पूरी तरह सील
रिहर्सल के दौरान सुरक्षा कारणों से गीता कॉलोनी, जामा मस्जिद, आईटीओ और राजघाट से लाल किले की ओर जाने वाले सभी मुख्य मार्गों को आम यातायात के लिए बंद कर दिया गया. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्गों की एडवाइजरी जारी की. पूरे रूट पर बैरिकेडिंग कर हर आने-जाने वाले वाहन की गहन जांच की गई.
यूपी बॉर्डर पर कल रात से ही ट्रैफिक बंद
सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि शाहदरा जिला उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से सटा होने के कारण बेहद संवेदनशील है. जिले से सटे सभी सात बॉर्डर पॉइंट्स पर बुधवार रात 10 बजे से ही व्यावसायिक और सामान्य आवाजाही को रोक दिया गया था.
सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए स्थायी पिकेट्स के साथ-साथ कई नए अस्थायी पिकेट्स बनाए गए हैं, जहां पुलिस बल मुस्तैदी से जांच कर रहा है.
यमुना नदी में बोट पेट्रोलिंग और खादर इलाके में गश्त
लाल किले के ठीक पीछे स्थित यमुना रिवरफ्रंट और खादर (रेत के मैदान) इलाकों में चौबीसों घंटे तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. बाहरी सुरक्षा बलों और स्थानीय पुलिस की मदद से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि नदी तटीय इलाकों में कोई भी अनाधिकृत व्यक्ति मौजूद न रहे.
पुलिस प्रशासन ने गीता कॉलोनी और काली नगर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले नदी क्षेत्रों की निगरानी के लिए दो विशेष नावें तैनात की हैं. ये नावें 15 अगस्त को समारोह संपन्न होने तक लगातार गश्त करती रहेंगी. इसके अलावा, इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ERV) भी पूरे जिले में लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं.
नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर चेकिंग अभियान तेज
स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के नोएडा से दिल्ली प्रवेश करने वाले सभी सीमाओं पर बैरियर लगाकर गाड़ियों की जांच की जा रही है. संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों को रोककर कागजात व सामान की तलाशी ली जा रही है ताकि राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जा सके.

