जबलपुर. एमपी के जबलपुर में पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 'हर घर तिरंगाÓ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली गई. यात्रा की शुरुआत भगत सिंह चौक पर शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर हुई. इसके बाद हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और कार्यकर्ता यात्रा में शामिल हुए.
यात्रा भगत सिंह चौक से शुरू होकर गोरखपुर मार्केट होते हुए आदि शंकराचार्य चौक पर समाप्त हुई. लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों के बलिदान को नमन करने के लिए तिरंगा यात्राएं आयोजित की जा रही हैं.
मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भारतवासियों के मान, सम्मान, स्वाभिमान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है. यह देश के हर नागरिक को धर्म, भाषा और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर एक सूत्र में जोडऩे का काम करता है. उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना है. इसके जरिए देश की रक्षा में प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों के प्रति सम्मान जताया जा रहा है. उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश सरकार की ओर से राज्य की अस्मिता और विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया.

