कटनी. एमपी के कटनी स्थित विजयराघवगढ़ से विधायक संजय पाठक की कंपनी से डेढ़ करोड़ रुपए के साइबर ठगी हो गई. साइबर ठगों ने कंपनी के सीनियर डायरेक्टर के मोबाइल नंबर को हैक कर फर्जी वॉट्सऐप मैसेज भेजकर कंपनी के अकाउंटेंट से दूसरे खाते में 1.5 करोड़ रुपए ट्रांसफर करवा लिए.
पुलिस के अनुसार कंपनी के सीनियर अकाउंटेंट के मोबाइल पर सीनियर डायरेक्टर के नंबर से वॉट्सऐप मैसेज आया. इसमें दूसरे व्यक्ति के खाते में तत्काल 1.5 करोड़ रुपए ट्रांसफर करने के निर्देश दिए गए थे. नंबर परिचित होने के कारण अकाउंटेंट ने मैसेज पर भरोसा किया और बताई गई रकम ट्रांसफर कर दी. बीती शाम करीब 5 बजे विधायक संजय पाठक के फ्लाइट से उतरने के बाद मामले का खुलासा हुआ. सीनियर डायरेक्टर ने बताया कि उन्होंने ऐसा कोई मैसेज नहीं भेजा था.
इसके बाद कंपनी को ठगी का पता चला. ठगी के लिए मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किस तरह किया गया, इसकी जांच पुलिस कर रही है. मामले की जानकारी मिलते ही विधायक संजय पाठक ने पुलिस अििधकारियों को खबर दी. जिसपर कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की टीम सक्रिय हुई. जिस खाते में रकम ट्रांसफर की गई थी, उसे ट्रेस कर करीब 16 लाख रुपए होल्ड करा दिए गए.
कोलकाता में कई एकाउंट में ट्रांसफर हुए रुपए-
पुलिस को जांच में यह पता चला है कि बाकी रकम कोलकाता के अलग-अलग खातों और एटीएम से निकाले जाने की जानकारी सामने आई है. पुलिस इन ट्रांजेक्शन और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है. मामले में कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है. साइबर सेल की मदद से जांच जारी है और आरोपियों को ट्रेस करने के प्रयास किए जा रहे हैं

