जबलपुर. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के कार्यक्रम के बाद हुई घटना के विरोध में मध्य प्रदेश में जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया. जबलपुर में शुक्रवार 14 अगस्त की शाम को कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी टाउन हॉल पहुंचे. यहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और रामधुन भजन गाया. इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.
दरअसल, उत्तराखंड के हल्द्वानी में 8 अगस्त को कांग्रेस खडग़े के कार्यक्रम के बाद हिंदू संगठनों ने उस स्थान का शुद्धिकरण किया, जहां उन्होंने सभा को संबोधित किया था. हिंदू संगठनों ने मंच पर पूजा-पाठ कर शुद्धिकरण किया था. इसी का विरोध किया जा रहा है.
पूरा देश शर्मसार
कांग्रेस नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड में मल्लिकार्जुन खडग़े के साथ जो कुछ हुआ है, उसने पूरे देश को शर्मसार किया है. भाजपा और उससे जुड़े संगठनों के लोगों ने शुद्धिकरण का काम करते हुए यह बताया कि उनके मन में दलितों के लिए क्या है. अब इसके पीछे कारण बताया जा रहा है कि मंच से एक दलित ने भाषण दिया है, इसलिए उस जगह को शुद्ध किया गया है.
सौरभ शर्मा ने कहा कि भाजपा महानगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर जिस सीट पर बैठते हैं, क्या उसे भी शुद्ध किया जाता है. उन्होंने कहा कि कहने को तो नाम के लिए संगठन ने उन्हें अध्यक्ष बना दिया है. वे हमारे बड़े भाई हैं, क्योंकि संविधान ने हमें सिखाया है कि सभी धर्मों के लोग एक समान हैं. लेकिन संविधान को भारतीय जनता पार्टी नहीं मानती. दलितों के बारे में उनके मन में अलग ही भाव है.
भाजपा महानगर अध्यक्ष से मांगा जवाब
कांग्रेस नगर अध्यक्ष ने भाजपा महानगर अध्यक्ष से पूछा कि उत्तराखंड में एक दलित नेता के साथ जो घटना हुई है, उस विषय में आपका क्या कहना है. उन्होंने कहा कि जिस संगठन के आप अध्यक्ष हैं, उसका रवैया आपके लिए क्या है, इसके लिए आपको आत्ममंथन करना होगा.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

