जबलपुर : उफनतीं नर्मदा की लहरों के बीच, जिलहरीघाट से तिलवाराघाट तक 200 तैराकों ने निकाली तिरंगा यात्रा

जबलपुर : उफनतीं नर्मदा की लहरों के बीच, जिलहरीघाट से तिलवाराघाट तक 200 तैराकों ने निकाली तिरंगा यात्रा

प्रेषित समय :12:52:10 PM / Fri, Aug 14th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी की संस्कारधानी जबलपुर में हर घर तिरंगा अभियान के तहत शुक्रवार 14 अगस्त को देशभक्ति का अद्भुत, आकर्षक नजारा देखने को मिला. उफनती नर्मदा की लहरों के बीच करीब 200 तैराकों ने तिरंगा यात्रा निकालकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया. जिलहरी घाट तैराकी संघ की ओर से आयोजित अखंड भारत संकल्प तिरंगा यात्रा गौरीघाट के जिलहरी घाट से शुरू होकर तिलवारा घाट तक पहुंची.

तैराकों ने लगभग डेढ़ घंटे में पूरी की दूरी

करीब 10 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में तैराकों ने हाथों में तिरंगा लेकर नर्मदा की तेज धार के बीच तैरते हुए देशभक्ति का जज्बा प्रदर्शित किया. तैराकों ने यह दूरी लगभग डेढ़ घंटे में पूरी की. उफनती नदी के बीच तिरंगे के साथ तैरते तैराकों का दृश्य बेहद आकर्षक और रोमांचक रहा.

नर्मदा घाटों पर बड़ी संख्या में लोग जुटे

तिरंगा यात्रा को देखने के लिए नर्मदा के घाटों पर बड़ी संख्या में लोग जुटे. लोगों ने तैराकों का उत्साह बढ़ाया और उनके साहस की सराहना की. तेज बहाव के बावजूद तैराकों का उत्साह कम नहीं हुआ और वे पूरे जोश के साथ यात्रा में शामिल रहे.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-