कसौटी जिंदगी की एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी गिरफ्तार, ट्रेन में आरपीएफ जवान पर रेजर से हमला करने का आरोप

कसौटी जिंदगी की एक्ट्रेस अंतरा बनर्जी गिरफ्तार, ट्रेन में आरपीएफ जवान पर रेजर से हमला करने का आरोप

प्रेषित समय :19:37:52 PM / Sun, Aug 16th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

सूरत. टीवी अभिनेत्री अंतरा बनर्जी को 12 अगस्त को अरावली एक्सप्रेस में हुए कथित विवाद के बाद गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, वह सूरत में शूटिंग के लिए यात्रा कर रही थीं और उनके पास स्लीपर क्लास का टिकट था. आरोप है कि वह आरक्षित एसी कोच में सीट पर बैठ गईं. सीट खाली कराने को लेकर टिकट चेकिंग स्टाफ और अभिनेत्री के बीच विवाद शुरू हुआ.

आरपीएफ कर्मी पर हमला करने का आरोप

रेलवे पुलिस (जीआरपी) के मुताबिक, आरपीएफ टीम के एक अधिकारी ने सीट खाली कराने में मदद करने की कोशिश की. इसी दौरान कथित तौर पर विवाद बढ़ गया और अंतरा ने आरपीएफ कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार किया. शिकायत के अनुसार, अभिनेत्री ने एक आरपीएफ कर्मी पर रेजर ब्लेड से हमला भी किया. घटना के बाद रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.

अगले दिन हिरासत में ली गईं

पुलिस के मुताबिक, बोरीवली रेलवे पुलिस ने अगले दिन अंतरा को हिरासत में लिया. बोरीवली जीआरपी की इंस्पेक्टर कुंदा गावड़े के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अभिनेत्री कथित तौर पर एसी कोच का टिकट नहीं मिलने से परेशान थीं. पुलिस के मुताबिक, उन्होंने परिजनों या कानूनी मदद से संपर्क करने से इनकार किया और खुद को गिरफ्तार करने की मांग की. एफआईआर दर्ज होने के बाद वह शांत हुईं.

कौन हैं अंतरा बनर्जी?

31 वर्षीय अंतरा बनर्जी का जन्म कोलकाता में हुआ था. 2013 में वह अपने माता-पिता के साथ मुंबई आईं और अभिनय में करियर बनाने लगीं. उन्होंने गुमराह: एंड ऑफ इनोसेंस से टीवी करियर शुरू किया. इसके बाद वह सावधान इंडिया, बढ़ो बहू और लाल इश्क जैसे धारावाहिकों में नजर आईं. फिल्म द शौकीन्स से उन्होंने बॉलीवुड में भी कदम रखा था.

कसौटी जिंदगी की से मिली पहचान

अंतरा ने एकता कपूर के लोकप्रिय शो कसौटी जिंदगी की में सुमन शेखर शर्मा का किरदार निभाया था. इसके अलावा वह कवच... महाशिवरात्रि, दिव्य दृष्टि और रागिनी एमएमएस रिटर्न्स 2 में भी दिखाई दीं. वह कथक की प्रशिक्षित डांसर भी हैं. पुलिस के अनुसार, उन्हें नोटिस के तहत थोड़े समय के लिए हिरासत में रखा गया और बाद में रिहा कर दिया गया.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-