जबलपुर। एमपी के जबलपुर में सिहोरा स्थित कुम्हरवाड़ा गांव में कार नदी में बहे 4 वर्षीय प्रिंशु पटेल का 20 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। रविवार देर शाम नदी में गिरने के बाद से ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में जुटी है।
बताया गया है कि प्रिंशु पित निवासी लक्ष्मण सिंह पटेल बीती शाम अपने दोस्तों के साथ कार नदी के पुराने पुल के पास खेल रहा था। इसी दौरान, पुल पर बहता हुआ एक नारियल देखकर प्रिंशु उसे उठाने के लिए नदी किनारे पहुंचा। पैर फिसलने के कारण वह नदी के तेज बहाव में गिर गया। उसके दोस्तों ने यह घटना देखी और घबराकर गांव में परिजन को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। मझौली पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक प्रिंशु की तलाश की, लेकिन अंधेरा होने के कारण खोज अभियान को रोकना पड़ा। आज सुबह 10 बजे एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और पुलिस के साथ मिलकर नावों की मदद से फिर से तलाश शुरू की। टीम ने लगभग 6 घंटे तक नदी के 8 से 10 किलोमीटर के क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन प्रिंशु का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस का कहना है कि नदी में पानी का स्तर अधिक होने और तेज बहाव के कारण तलाश अभियान में काफी दिक्कतें आ रही हैं। टीम लगातार प्रिंशु की खोज कर रही है
जबलपुर के सिहोरा में कार नदी में बहा बालक प्रिंशु, एसडीआरएफ की टीमें तलाश में जुटी
प्रेषित समय :16:26:28 PM / Mon, Aug 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर



