पेट्रोल पंप डकैती का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, जबलपुर-मंडला की सीमा पर हुई थी वारदात

पेट्रोल पंप डकैती का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, जबलपुर-मंडला की सीमा पर हुई थी वारदात

प्रेषित समय :02:57:03 AM / Mon, Aug 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर/मंडला। जबलपुर-मंडला सीमा पर चौकी मनेरी के अतुलित फिलिंग सेंटर पेट्रोल पंप पर हुई डकैती का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर लूटी गई रकम में से 50,500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया गया है।
                              पुलिस के अनुसार, यह घटना 9 अगस्त की मध्यरात्रि को हुई थी। सात नकाबपोश बदमाश पेट्रोल पंप पर पहुंचे और हथियारों के बल पर कर्मचारियों को डराकर 93,875 रुपये लूटकर फरार हो गए थे। यह पूरी वारदात पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई थी। बीजाडांडी थाने की चौकी मनेरी में इस संबंध में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने इस मामले की जांच के लिए 8 विशेष पुलिस टीमें गठित कीं, जिनमें 40 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे। इन टीमों ने घटनास्थल से मिले भौतिक और तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और कर्मचारियों के बयानों का गहन विश्लेषण किया। जांच के दौरान, पुलिस ने मनेरी से लेकर जबलपुर के बरेला, भूकम्प कॉलोनी और मेडिकल कॉलेज क्षेत्र तक कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस कार्रवाई में 15 और 16 अगस्त को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अमित झारिया, पवन झारिया, सौरभ शर्मा और शिवम श्रीपाल शामिल हैं। मामले का मुख्य आरोपी आयुष विश्वकर्मा एक इंजीनियरिंग का छात्र है, जो अभी फरार है। उसके साथ तीन अन्य आरोपी भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दो आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। इनमें से तीन ड्राइवर हैं और एक अंडे का ठेला लगाता है। वारदात के लिए इन्होंने अपने एक दोस्त से स्कॉर्पियो किराए पर ली थी। इन आरोपियों की गिरफ्तारी पर कुल 30,000 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस अधीक्षक ने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया। मामले में आगे की जांच जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-