बिहार : लखीसराय में भगदड़, 7 महिलाओं की मौत, मंदिर में जलाभिषेक के लिए हजारों श्रद्धालु जमा थे, कई गंभीर

बिहार : लखीसराय में भगदड़, 7 महिलाओं की मौत, मंदिर में जलाभिषेक के लिए हजारों श्रद्धालु जमा थे, कई गंभीर

प्रेषित समय :12:30:50 PM / Mon, Aug 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

लखीसराय. बिहार के लखीसराय में सोमवार 17 अगस्त को भगदड़ मच गई. हादसे में 7 महिलाओं की मौत हो गई. 23 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं. 3 की हालत नाजुक बताई जा रही है. मृतकों की संख्या बढऩे की आशंका है. घटना अशोकधाम स्टेशन से मंदिर जाने वाले रास्ते पर हुई.

लखीसराय डीएम शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पुरुषों की लाइन की तरफ एक खंभा गिर गया. इसके बाद अफवाह फैली कि लोगों पर बिजली की चालू लाइन का तार गिर गया, जबकि वह सिर्फ एक केबल वायर (डिश/इंटरनेट का तार) था. पुरुषों की तरफ से भीड़ का दबाव महिलाओं की लाइन पर पड़ा, जिससे वे एक-दूसरे पर गिर गईं. चार मृतकों की पहचान हुई है. इनमें लखीसराय की मधुबाला देवी, मनमाला देवी, हेमलता देवी और मुंगेर की रिंकू देवी हैं. सीएम सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है.

श्रद्धालु बोले- करंट की बात सुनकर लोग भागने लगे

दर्शन के लिए लाइन में लगे श्रद्धालु ने कहा, बहुत भीड़ थी. तभी पोल गिरने और करंट लगने की बात फैली. इसके बाद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. लोग जान बचाने के लिए भागने लगे, तभी बैरिकेडिंग टूटी और लोग एक-दूसरे पर गिर गए.

मंत्री केदार गुप्ता बोले- दोषियों के खिलाफ एक्शन होगा

बिहार के मंत्री केदार गुप्ता ने कहा, अशोक धाम मंदिर में हुए हादसे की वजह का पता लगाने के लिए पूरे मामले की जांच कराई जाएगी. जांच में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी.

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह बोले- करंट फैलने की अफवाह से मची भगदड़

केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने लखीसराय अशोक धाम भगदड़ की घटना पर कहा, लखीसराय के अशोक धाम में सावन महीने के तीसरे सोमवार के दिन अचानक काफी भीड़ बढ़ गई. एक अफवाह फैली की करंट फैल गया है. जिसके कारण भगदड़ मची और उसमें कई लोगों की मृत्यु हो गई मैं मृतकों के परिवार जनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं.

घायलों की संख्या 23 हो गई है

अशोक धाम मंदिर में भगदड़ में 7 लोगों की मौत हो गई है. घायलों की संख्या पहले 12 थी अब बढ़कर 23 हो गई है. 3 की हालत नाजुक बताई जा रही है. इन्हें बड़े अस्पताल रेफर किया गया है.

मंत्री विजय सिन्हा बोले- मैं घटना स्थल पर जा रहा हूं

बिहार के मंत्री और लखीसराय से विधायक विजय सिन्हा ने कहा, 'बहुत दुखद घटना है. मैं घटनास्थल पर जा रहा हूं. ये घटना मंदिर परिसर के बाहर हुई है. संबंधित पदाधिकारी से बात हुई है. करंट की अफवाह फैलने से घटना हुई है. सरकार की ओर से राहत व्यवस्था चलाई जाएगी.

कई जिलों की महिलाएं घायल

घायलों में लखीसराय की मौसम कुमारी, मुस्कान कुमारी, ममता देवी, रीना कुमारी, शिवानी कुमारी शामिल हैं. पटना के मोकामा की विमला देवी और बाढ़ की कबीला देवी भी घायल हुईं हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-