जबलपुर। एमपी के जबलपुर में राज्य आउटसोर्स कर्मचारी संघ के बैनर तले जबलपुर के विभिन्न शासकीय विभागों में कार्यरत सैकड़ों आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने शासन और प्रशासन का ध्यान अपनी आर्थिक व मानसिक प्रताडऩा की ओर आकर्षित करते हुए एक ज्ञापन सौंपा।
कर्मचारियों ने आरोप लगाते हुए कहा कि शासन द्वारा स्वीकृत बजट और दिशा-निर्देशों के बावजूद संबंधित ठेका कंपनियों और विभागीय उदासीनता के कारण उनका शोषण किया जा रहा है। इससे सैकड़ों परिवारों के सामने जीविका का संकट खड़ा हो गया है। ज्ञापन में कर्मचारियों ने अपनी प्रमुख मांगों को रेखांकित करते हुए बताया कि कई विभागों में महीनों तक वेतन का भुगतान नहीं होता। उन्होंने मांग की है कि हर महीने की 6 से 7 तारीख के बीच अनिवार्य रूप से वेतन दिया जाए। ईपीएफ/ईएसआईसी की रसीदें उपलब्ध कराने की मांग, इसके अलावा कर्मचारियों के वेतन से कर्मचारी भविष्य निधि व कर्मचारी राज्य बीमा की राशि तो काट ली जाती है, लेकिन ठेकेदारों द्वारा इसे संबंधित खातों में जमा नहीं किया जाता। कर्मचारियों ने इस वित्तीय धोखाधड़ी की उच्च स्तरीय जांच कराने और ईपीएफ/ईएसआईसी की रसीदें उपलब्ध कराने की मांग की है। रोजगार की अनिश्चितता को कर्मचारियों ने अपनी सबसे बड़ी समस्या बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार अपनी मनमानी करते हुए अनुभवी और पुराने कर्मचारियों को बिना किसी वैध कारण के नौकरी से निकाल देते हैं। संघ ने इस प्रथा पर तत्काल रोक लगाते हुए जॉब सिक्योरिटी (रोजगार की सुरक्षा) की सख्त गारंटी देने की अपील की है। साथ ही, नियमानुसार मिलने वाले आकस्मिक अवकाश (ष्टरु) और चिकित्सीय अवकाश जैसी बुनियादी सुविधाओं को भी लागू करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया है। कर्मचारियों ने वेतन मिलने में देरी के कारण बीमा और अन्य शुल्क समय पर जमा नहीं होने से आ रही समस्याओं को भी उजागर किया। मध्यप्रदेश राज्य आउटसोर्स कर्मचारी संघ ने मांग की है कि ठेका प्रथा पर निगरानी रखी जानी चाहिए ताकि कर्मचारियों का शोषण बंद हो सके। संघ ने चेतावनी दी है कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आउटसोर्स कर्मचारी संघ 55 जिलों में एक साथ उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
जबलपुर में आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, समय पर वेतन और रोजगार सुरक्षा की मांग
प्रेषित समय :16:38:14 PM / Mon, Aug 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर


