अनिल मिश्र/रांची
झारखंड के रामगढ़ जिला अन्तर्गत गोला, दुलमी एवं चितरपुर प्रखंडों में कुछ दिनों से चार दर्जन हाथियों का जमावड़ा लगा हुआ हैंl इस कारण हमेशा दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ हैl वहीं जिला के गोला वन क्षेत्र के हुप्पू पंचायत स्थित नया सिरका गांव में देर रात दो जंगली हाथियों के कुएं में गिरने से अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों हाथियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.इस संबंध में बताया गया कि कल रविवार की रात करीब डेढ़ बजे की है.
मंसू महतो के कुएं में दो हाथियों के गिरने की जानकारी मिलने पर वनकर्मियों ने मौके का जायजा लिया. इसके बाद जेसीबी की सहायता से कुएं तक पहुंचने के लिए रास्ता तैयार किया गया. लगातार प्रयास के बाद दोनों हाथी कुएं से बाहर निकले और जंगल की तरफ चले गए. झारखंड प्रदेश वन विभाग के अनुसार, इलाके में इन दिनों करीब 44 हाथियों का झुंड सक्रिय है. हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. वन विभाग ने लोगों से हाथियों के करीब जाने, उन्हें घेरने या किसी तरह परेशान करने से बचने की अपील की है.
रामगढ़ जिले में हाथियों के हमले की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. इससे एक दिन पहले चितरपुर क्षेत्र में हाथियों के झुंड के हमले में दो महिलाओं की मौत हुई थी. वहीं 13 अगस्त को कोरांबे पंचायत के गुंदलीखरैय टोला में भी हाथियों के हमले में सिल्ली क्षेत्र के सेहदा निवासी बालो देवी की जान चली गई थी.कल देर रात रेस्क्यू अभियान में वनरक्षी दीपक सिन्हा, मनीष शर्मा, योगेंद्र कुमार, दीपक कुमार दास और निलेश पोद्दार समेत वन विभाग के कई कर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

