जबलपुर. एमपी के जबलपुर में फर्जी फर्मों और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के जरिए विदेशों में पैसा भेजे जाने के आशंका पर आयकर विभाग की इन्वेस्टिगेशन विंग ने शहर में चार चार्टर्ड अकाउंटेंट के दफ्तर और घर पर एक साथ छापा मार कार्रवाई की. गोरखपुर और विजय नगर सहित अन्य क्षेत्रों में आयकर अधिकारियों की टीमें दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच में जुटी हैं.
खबर है कि जांच के दायरे में ऐसे आयकरदाता व फर्म हैं, जिनके बारे में संदिग्ध तरीके से आयकर रिटर्न और वित्तीय सेटलमेंट कराने की जानकारी विभाग को मिली थी. आशंका है कि कुछ लोगों ने हवाला अथवा अन्य अनियमित माध्यमों से रकम विदेश भेजी और इस प्रक्रिया में फर्जी या डमी कंपनियों का उपयोग किया गया. उक्त कार्रवाई केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड के निर्देश पर देशभर में इस तरह के मामलों की जांच की जा रही है.
इसी क्रम में जबलपुर में भी कार्रवाई की गई है. आयकर विभाग की टीम चारों चार्टर्ड अकाउंटेंट के कार्यालयों से उनके क्लाइंट्स की आयकर रिटर्न, खातों और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है. खबर है कि जांच में कुछ ऐसी फर्में भी सामने आई हैं, जिन पर लाखों रुपये का कर बकाया होने के बावजूद भुगतान में आनाकानी करने और कर देनदारी कम दिखाने का संदेह है. विभाग यह भी जांच कर रहा है कि कहीं फर्जी कंपनियां बनाकर निवेश और लेनदेन का गलत विवरण तो प्रस्तुत नहीं किया गया.
करोड़ों की रकम विदेश भेजने की आशंका-
इन्वेस्टिगेशन विंग को प्रारंभिक स्तर पर ऐसी जानकारी मिली है कि डमी कंपनियों के माध्यम से करोड़ों रुपये की राशि अलग-अलग देशों में भेजी गई हो सकती है. इसी कड़ी में चार्टर्ड अकाउंटेंट की भूमिका की भी जांच की जा रही है. अधिकारी दस्तावेजों के आधार पर यह पता लगाने में जुटे हैं कि ऐसे कितने व्यक्ति और फर्म हैं, जिन्होंने संदिग्ध माध्यमों से विदेशों में रकम भेजी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

