रामपुर नैकिन-चुरहट नई रेल लाइन खंड मेें सीआरएस स्पेशल ट्रेन का 115 केएमपीएच की गति से सफल स्पीड ट्रायल

रामपुर नैकिन-चुरहट नई रेल लाइन खंड मेें सीआरएस स्पेशल ट्रेन का 115 केएमपीएच की गति से सफल स्पीड ट्रायल

प्रेषित समय :18:53:29 PM / Wed, Aug 19th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. पश्चिम मध्य रेल के जबलपुर मंडल में ललितपुर–सिंगरौली नई रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत रामपुर नैकिन–चुरहट के मध्य निर्मित 22.90 किलोमीटर लंबे नवीन रेल खंड का रेल संरक्षा आयुक्त, मध्य वृत, मुंबई श्री गुरू प्रकाश द्वारा 18 एवं 19 अगस्त 2026 को विस्तृत संरक्षा निरीक्षण एवं गति परीक्षण सफलतापूर्वक संपन्न किया गया. निरीक्षण के दूसरे दिन बुधवार को सीआरएस की स्पेशल ट्रेन ने इस नये रेलखंड पर 115 किलोमीटर प्रतिघंटा की स्पीड से दौड़ाकर सफल ट्रायल किया गया.

निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त ने चुरहट स्टेशन पर निर्माण संगठन एवं जबलपुर मंडल के अधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना से संबंधित अभिलेखों तथा संरक्षा दस्तावेजों का परीक्षण किया. इसके पश्चात मोटर ट्रॉली से रामपुर नैकिन–चुरहट के मध्य नवीन रेल खंड का विस्तृत निरीक्षण किया गया.

निरीक्षण के दौरान रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा रेल पथ, पुल-पुलियाओं, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, विद्युत अधोसंरचना तथा परिचालन व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया. इसके साथ ही रामपुर नैकिन से चुरहट के मध्य निरीक्षण विशेष ट्रेन द्वारा 115 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से सफल स्पीड ट्रायल किया गया. यह परीक्षण रेल खंड की संरचनात्मक मजबूती तथा निर्धारित संरक्षा मानकों के अनुरूप तैयारियों के आकलन की दिशा में महत्वपूर्ण चरण है.

रेल संरक्षा आयुक्त ने चुरहट स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं एवं परिचालन व्यवस्थाओं का भी विस्तृत अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की. इस अवसर पर मुख्यालय से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) श्री एम.एस. हाश्मी, मंडल रेल प्रबंधक, जबलपुर श्री कमल कुमार तलरेजा, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय), वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता (समन्वय) सहित निर्माण, संरक्षा एवं अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.

रामपुर नैकिन–चुरहट नवीन रेल खंड के प्रारंभ होने से इस क्षेत्र में रेल संपर्क को और अधिक सुदृढ़ता मिलेगी. इससे आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुगम रेल परिवहन सुविधा उपलब्ध होने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी. यह रेल परियोजना क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति प्रदान करने तथा क्षेत्र में आवागमन एवं संपर्क सुविधाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-