सिंगापुर जा रही इंडिगो फ्लाइट की त्रिची में इमरजेंसी लैंडिंग, हवा में ढाई घंटे चक्कर काटता रहा विमान

सिंगापुर जा रही इंडिगो फ्लाइट की त्रिची में इमरजेंसी लैंडिंग, हवा में ढाई घंटे चक्कर काटता रहा विमान

प्रेषित समय :12:13:37 PM / Sat, Aug 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

चेन्नई. इंडिगो एयरलाइंस की एक और उड़ान में तकनीकी खराबी सामने आने से यात्रियों की सांसें अटक गईं. शुक्रवार (21 अगस्त) शाम त्रिची से सिंगापुर जा रही इंडिगो की फ्लाइट में उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद तकनीकी समस्या आ गई. इसके बाद 127 यात्रियों को लेकर उड़ रहे विमान को आपात स्थिति में त्रिची इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वापस उतारना पड़ा.

हालांकि, सुरक्षित लैंडिंग से पहले विमान करीब ढाई घंटे तक हवा में चक्कर लगाता रहा. रात करीब 9 बजे विमान को त्रिची एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया. इसके बाद यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई.

जानकारी के मुताबिक, विमान ने शुक्रवार शाम करीब 6:40 बजे त्रिची एयरपोर्ट से सिंगापुर के लिए उड़ान भरी थी. उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद पायलटों को विमान में तकनीकी गड़बड़ी का पता चला. इसके बाद उन्होंने तुरंत त्रिची एयर ट्रैफिक कंट्रोल (्रञ्जष्ट) से संपर्क किया और विमान को वापस लाने की प्रक्रिया शुरू की.

सुरक्षा प्रक्रिया के तहत आपातकालीन लैंडिंग से पहले विमान का वजन निर्धारित सीमा तक लाना और जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त ईंधन कम करना जरूरी होता है. इसी वजह से पायलटों ने विमान को करीब ढाई घंटे तक आसमान में चक्कर लगवाया, ताकि ईंधन की मात्रा कम की जा सके और सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित हो. त्रिची एयरपोर्ट के डायरेक्टर गोपालकृष्णन ने बताया कि पूरी प्रक्रिया के दौरान एयरपोर्ट अधिकारी और एटीसी लगातार पायलटों के संपर्क में रहे. विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए जमीन पर सभी जरूरी आपातकालीन और सुरक्षा इंतजाम किए गए थे.

रात करीब 9 बजे विमान की त्रिची एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. लैंडिंग के बाद यात्रियों को उनकी मंजिल सिंगापुर पहुंचाने के लिए इंडिगो की ओर से वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई. हालांकि, एयरलाइन ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि विमान में किस तरह की तकनीकी खराबी आई थी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-