जयपुर में भीषण हादसा, तेज रफ्तार एसयूवी कार ने एक ही परिवार के चार लोगों को कुचला, मौके पर मौत

जयपुर में भीषण हादसा, तेज रफ्तार एसयूवी कार ने एक ही परिवार के चार लोगों को कुचला, मौके पर मौत

प्रेषित समय :16:04:13 PM / Sat, Aug 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जयपुर. राजस्थान की राजधानी जयपुर के फागी क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार हुआ मृतक परिवार काटी गई मूंग की फसल को सड़क किनारे सुखा रहा था. उसी दौरान एक बेकाबू एसयूवी ने परिवार के सभी लोगों को कुचल दिया, जिसमें एक ही परिवार के पति-पत्नी और उनकी दो बहुओं की मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है.

पल भर में काल का ग्रास बना पूरा परिवार

यह खौफनाक हादसा शुक्रवार की देर शाम करीब 7:30 बजे सरमथुरा-फलोदी मेगा हाईवे पर फागी से लगभग तीन किलोमीटर दूर माधोराजपुरा रोड पर हुआ. धामुनियों का मोहल्ला निवासी 60 वर्षीय सत्यनारायण कुम्हार अपने खेत से काटी गई मूंग की फसल को सड़क किनारे सुखा रहे थे. इस काम में उनकी 55 वर्षीय पत्नी मनमौज और दो बहुएं, 30 वर्षीय अमृता (पत्नी बद्री) व 25 वर्षीय शिमला (पत्नी सुरेश) भी उनकी मदद कर रही थीं. इसी दौरान मौत बनकर आई एक बेहद तेज रफ्तार एसयूवी ने चारों को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयंकर थी कि चारों लोग उछलकर घटनास्थल से लगभग 20 फीट दूर जा गिरे और सभी की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

बच्चों के सिर से उठा मां का साया

इस हादसे ने परिवार को ऐसे गहरे जख्म दिए हैं, जिन्हें भर पाना नामुमकिन है. मृतक अमृता के परिवार में अब उनकी 15 साल की बेटी प्रियंका और 13 साल का बेटा हिमांशु ही बचे हैं. इस मासूम भाई-बहन के सिर से मां और दादा-दादी का साया एक साथ उठ गया है. विडंबना यह है कि इसी परिवार ने कुछ साल पहले एक अन्य सड़क दुर्घटना में अपने पांच साल के एक बेटे को भी खो दिया था.

ग्रामीणों का आक्रोश और चक्का जाम

एक ही परिवार के चार सदस्यों की दर्दनाक मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण फागी उप-जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर जमा हो गए. पीडि़त परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग करते हुए आक्रोशित लोगों ने जयपुर-भीलवाड़ा मेगा हाईवे पर धरना देकर चक्का जाम कर दिया. इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. शुरुआत में पुलिस उपाधीक्षक अनिल डोरिया और थाना प्रभारी पुष्पेंद्र बंसीवाल ने लोगों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे. रात करीब 10 बजे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवलाल बैरवा और उप-विभागीय अधिकारी बलबीर सिंह मौके पर पहुंचे. उन्होंने प्रदर्शनकारियों से लंबी बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रण में लाया जा सका.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-