रीवा-आनंद विहार टर्मिनल-रीवा एक्सप्रेस अब सतना स्टेशन न जाकर सगमा-कैमा कॉर्ड लाइन होकर चलेगी

रीवा-आनंद विहार टर्मिनल-रीवा एक्सप्रेस अब सतना स्टेशन न जाकर सगमा-कैमा कॉर्ड लाइन होकर चलेगी

प्रेषित समय :16:53:16 PM / Sat, Aug 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा एवं परिचालन सुगमता को ध्यान में रखते हुए पश्चिम मध्य रेल से संचालित गाड़ी संख्या 12427/12428 रीवा-आनंद विहार टर्मिनल-रीवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के मार्ग में परिवर्तन करने का निर्णय लिया गया है. यह ट्रेन अब सतना स्टेशन के स्थान पर सगमा-कैमा कॉर्ड लाइन होकर चलेगी तथा कैमा स्टेशन पर इसका ठहराव प्रदान किया गया है.

यह सुविधा अग्रिम आरक्षण अवधि के तहत यात्रा प्रारंभ करने की तिथि 23 अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगी. इस मार्ग परिवर्तन से ट्रेन के परिचालन में अधिक सुगमता, समयपालन (पंक्चुअलिटी) में सुधार तथा यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिलेगा. साथ ही, सतना स्टेशन पर ट्रेनों के परिचालन दबाव में कमी आने से स्टेशन पर भीड़ एवं रेल यातायात का कंजेशन कम करने में सहायता मिलेगी तथा उपलब्ध परिचालन क्षमता का अधिक प्रभावी उपयोग हो सकेगा.

कैमा स्टेशन पर ठहराव की समय-सारणी

गाड़ी संख्या 12427 रीवा–आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस प्रतिदिन रीवा स्टेशन से 16:20 बजे प्रस्थान कर कैमा स्टेशन पर 17:10/17:15 बजे आगमन/प्रस्थान, मानिकपुर 18:55/18:57 बजे आगमन/प्रस्थान होकर और मार्ग से होते हुए निर्धारित समय 06:40 बजे गंतव्य आनंद विहार टर्मिनल पहुंच रही है.

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 12428 आनंद विहार टर्मिनल–रीवा एक्सप्रेस प्रतिदिन आनंद विहार टर्मिनल से रात 22:05 बजे प्रस्थान कर निर्धारित मार्ग से होते हुए मानिकपुर 08:33/08:35 बजे, कैमा स्टेशन पर 09:50/09:55 बजे आगमन/प्रस्थान तथा गंतव्य रीवा 11:10 बजे पहुंच रही है.

कैमा स्टेशन पर इस महत्वपूर्ण ट्रेन का ठहराव क्षेत्र के यात्रियों के लिए रेल संपर्क को और बेहतर बनाएगा. इससे कैमा स्टेशन के विकास एवं यात्री सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी. कैमा को बेहतर रेल संपर्क मिलने से आसपास के क्षेत्रों को भी लाभ होगा तथा यह पहल सतना क्षेत्र के समग्र सामाजिक-आर्थिक एवं बुनियादी ढांचे के विकास में सहायक सिद्ध होगी. इसके अतिरिक्त, सतना स्टेशन पर परिचालन दबाव कम होने से वहां ट्रेनों के संचालन को अधिक सुचारु एवं सुरक्षित बनाने में भी सहायता मिलेगी. मार्ग परिवर्तन के माध्यम से यातायात के बेहतर वितरण, परिचालन क्षमता के प्रभावी उपयोग तथा यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को और सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-