4 हाथ और 4 पैर के साथ एमपी में जन्मा बच्चा, देखते ही उड़े परिजनों के होश, डॉक्टरों ने बताई वजह

4 हाथ और 4 पैर के साथ एमपी में जन्मा बच्चा, देखते ही उड़े परिजनों के होश, डॉक्टरों ने बताई वजह

प्रेषित समय :17:23:37 PM / Sun, Aug 23rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

छतरपुर. मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के लवकुशनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक दुर्लभ जन्म का मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने ऐसे नवजात को जन्म दिया, जिसके चार हाथ और चार पैर दिखाई देने की बात सामने आई है. बच्चे को देखकर परिजन और अस्पताल का स्टाफ हैरान रह गया. इसके बाद अस्पताल में लोगों की भीड़ जुट गई और नवजात की तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे.

अस्पताल के अनुसार, जन्म के समय नवजात का वजन करीब 3 किलोग्राम था. डॉक्टरों की टीम फिलहाल मां और बच्चे की स्थिति पर नजर रख रही है. बच्चे को आगे के उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है.

डॉक्टर ने बताया दुर्लभ स्थिति

ड्यूटी पर मौजूद महिला डॉक्टर के मुताबिक, इस तरह के मामले बेहद दुर्लभ होते हैं. डॉक्टर ने बताया कि कई बार गर्भ में जुड़वां भ्रूण विकसित हो रहे होते हैं, लेकिन उनमें से एक भ्रूण का विकास पूरी तरह नहीं हो पाता. ऐसी स्थिति में अविकसित भ्रूण दूसरे भ्रूण से जुड़ सकता है और उसके शरीर पर अतिरिक्त अंग दिखाई दे सकते हैं. हालांकि, बच्चे की वास्तविक चिकित्सकीय स्थिति और आगे के उपचार का फैसला विशेषज्ञ जांच के बाद ही स्पष्ट होगा. अस्पताल की ओर से मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञों से भी सलाह लेने की बात कही गई है.

अतिरिक्त अंगों को लेकर विशेषज्ञों से ली जा रही सलाह

डॉक्टरों की टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि नवजात की स्थिति में आगे किस तरह का उपचार संभव है. अतिरिक्त अंगों को सर्जरी के जरिए हटाया जा सकता है या नहीं, इसका निर्णय विशेषज्ञ चिकित्सकों की जांच और बच्चे की मेडिकल स्थिति के आधार पर लिया जाएगा. फिलहाल नवजात को निगरानी में रखा गया है. मां की हालत भी डॉक्टरों की देखरेख में बताई जा रही है.

पहले भी सामने आए ऐसे मामले

मध्य प्रदेश में इससे पहले भी अतिरिक्त अंगों के साथ जन्म लेने वाले नवजातों के मामले सामने आ चुके हैं. खंडवा में एक बच्चे के चार हाथ, चार पैर और चार कान होने का मामला सामने आया था. जन्म के कुछ समय बाद ही उसकी मौत हो गई थी. इसी तरह विदिशा में चार पैरों वाली बच्ची का जन्म हुआ था, जिसे बेहतर उपचार के लिए एम्स भोपाल रेफर किया गया था. इंदौर में भी एक बेहद दुर्लभ जन्म का मामला सामने आया था, जिसमें नवजात के दो सिर, चार हाथ, दो पैर और दो दिल होने की जानकारी सामने आई थी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-