नई दिल्ली. ट्रेनों में आलीशान होटल जैसे आराम और ठाठ-बाट के साथ सफर करने का शौक रखने वाले लोगों को रेलवे ने बड़ा झटका दिया है. रेलवे के सबसे खास और वीआईपी डिब्बे यानी सैलून की निजी बुकिंग पर अब पूरी तरह रोक लगा दी गई है. अब इस डिब्बे का इस्तेमाल पहले की तरह केवल रेलवे के अधिकारी ही अपने कामकाज और निरीक्षण के लिए कर सकेंगे. रेलवे बोर्ड ने इस बारे में देश के सभी जोनल कार्यालयों और आईआरसीटीसी को लिखित आदेश भेज दिया है.
वीडियो सामने आने के बाद लिया गया फैसला
रेलवे सूत्रों के मुताबिक, कुछ समय पहले एक निजी परिवार द्वारा सैलून के भीतर पूजा और हवन करने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था. सरकारी डिब्बे में इस तरह के आयोजन को रेलवे के नियमों और सुरक्षा के खिलाफ माना गया. मामले के तूल पकड़ते ही रेलवे बोर्ड ने कड़ा रुख अपनाया और सैलून को निजी हाथों में देने की सुविधा तुरंत बंद करने का फैसला ले लिया.
कमाई बढ़ाने को 2019 में शुरू हुई थी बुकिंग
रेलवे ने अपनी आमदनी बढ़ाने के मकसद से साल 2019 में सैलून को किराए पर देने की शुरुआत की थी. इस योजना के तहत संपन्न लोग शादी-ब्याह, तीर्थ यात्रा या पारिवारिक आयोजनों के लिए मोटी फीस देकर पूरा सैलून बुक कराते थे, लेकिन अब इस व्यवस्था को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है.
सैलून में मिलती हैं ये खास सुविधाएं
रेलवे का सैलून किसी चलते-फिरते घर जैसा होता है, जिसमें तमाम आधुनिक सुविधाएं मौजूद रहती हैं.
एसी बेडरूम: इसमें दो एयर-कंडीशन कमरे होते हैं, जिनमें आरामदायक बेड, अलमारी और लिखने के लिए मेज की सुविधा होती है.
अटैच बाथरूम: कमरों के साथ जुड़े आधुनिक बाथरूम, जिनमें ठंडे और गर्म पानी की पूरी व्यवस्था रहती है.
लिविंग और डाइनिंग एरिया: बैठने के लिए सोफा, खाने के लिए बड़ा डाइनिंग टेबल और मनोरंजन के लिए टीवी लगा होता है.
सजा-धजा किचन: खाना बनाने के लिए अलग से पूरी रसोई होती है, जिसमें फ्रिज, आरओ वाटर प्यूरीफायर और जरूरी बर्तन मौजूद रहते हैं.
शादी और पार्टी कोच की बुकिंग भी अटकी
सैलून के अलावा ट्रेनों में लगने वाले पारंपरिक पार्टी कोच और शादी के लिए बुक होने वाले स्पेशल डिब्बों पर भी रोक लगी हुई है. रेलवे का कहना है कि नए एलएचबी कोच वाली ट्रेनों में 24 डिब्बों से ज्यादा नहीं जोड़े जा सकते. इसके अलावा ज्यादातर प्रमुख रूटों पर ट्रेनें पहले से ही पूरी क्षमता के साथ चल रही हैं. ऐसे में किसी भी ट्रेन में अलग से अतिरिक्त डिब्बा लगाना संभव नहीं है
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

