ग्वालियर. एमपी के ग्वालियर शहर में एक कार अपने मॉडल, कीमत या रफ्तार की वजह से नहीं, बल्कि अपने अनोखे लुक को लेकर चर्चा में है. सड़क पर निकली इस कार को देखकर लोगों की नजरें ठहर गईं. कार की पूरी बॉडी पर लाल लिपस्टिक से बने होंठों के निशान थे. दावा किया जा रहा है कि कार पर करीब 3400 किस के निशान बनाए गए थे. सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो वायरल होने के बाद मामला ट्रैफिक पुलिस तक पहुंच गया.
गर्लफ्रेंड से होठों से लगवाया लिपस्टिक का प्रिंट
दरअसल, कबीर आश्रम (थाटीपुर) निवासी आदित्य सिंह सिकरवार ने रील वायरल करने कार एमपी 07 सीसी 9452 पर महिला मित्र से गहरे लाल रंग की लिपस्टिक से होंठों के 3500 निशान बनवाए और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. रील ट्रैफिक पुलिस की नजर में आने पर कार को जब्त कर थाने ले आई तो आदित्य को भी थाने पहुंचना पड़ा.
बिना अनुमति वाहन का स्वरूप बदलना गैरकानूनी
गोला का मंदिर यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी ने बताया कि पुलिस टीम सौमवार को आदित्य के घर से कार जब्त कर थाने ले आई. आदित्य माजरा भांप गया और अपना इंस्टाग्राम अकाउंट डीएक्टिवेट कर थाने पहुंचा. पुलिस ने बिना परिवहन विभाग की अनुमति के वाहन के स्वरूप में बदलाव करने और लापरवाही से वाहन चलाने पर उस पर 5,500 रुपए का जुर्माना लगाया. इसके बाद पुलिस ने उसे बाल्टी और पोछा थमा दिया. कार पर लगे सभी निशान साफ कराने के बाद उसे छोड़ा गया.
थाने आने से पहले अकाउंट किया डिलीट, फिर भी नपे
पुलिस पूछताछ में आदित्य ने बताया कि वह पेशे से एसी मैकेनिक है. सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए उसने यह खुराफात की थी. उसकी महिला मित्र ने कार पर लिपस्टिक लगाकर 3500 किस प्रिंट बनाए थे. उसने इसका वीडियो शूट कर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया. वीडियो को 5.5 लाख व्यूज मिले तो आदित्य का हौसला बढ़ गया. उसे लगा कि लोगों को उसका यह अंदाज पसंद आ रहा है, इसलिए उसने निशान मिटाए बिना ही कार शहर की सड़कों पर दौड़ाना शुरू कर दिया. कार जहां से भी गुजरती, लोग उसे देखकर कमेंट करते थे.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

