जबलपुर के सिहोरा में लोडिंग वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, राखी की दुकान लगाने जा रहा था, गुस्साए ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

जबलपुर के सिहोरा में लोडिंग वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, राखी की दुकान लगाने जा रहा था, गुस्साए ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

प्रेषित समय :16:00:47 PM / Tue, Aug 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में सिहोरा स्थित इंद्राना-पनागर रोड पर पूर्वान्ह 11 बजे के लगभग लोगों में चीख पुकार मच गई, जब लोडिंग वाहन के चालक ने मोटर साइकल सवार युवक रविंद्र सिंह को टक्कर मार दी. हादसे में रविंद्र के शरीर पर गंभीर चोटें आने से मौके पर ही मौत हो गई. घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन करते हुए मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है. वहीं घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.

बताया गया है कि रविंद्र सिंह उम्र 35 वर्ष फुलकी का ठेला लगाते थे, लेकिन वह त्यौहार होने के कारण वह राखी और रुमाल खरीदकर दुकान लगाने जा रहे थे.  रविंद्र सिंह इंद्राना से पनागर की ओर बढ़ रहा था, इस दौरान ग्राम पुरैना के पास 11 बजे के लगभग सामने से आए ईंट लेकर आ रहे लोडिंग वाहन ने टक्कर मार दी. वाहन की टक्कर लगते ही रविंद्र सिंह बाइक सहित गिरकर फंस गया, जिसे लोडिंग वाहन का चालक घसीटते हुए ले गया, हादसे में रविंद्र सिंह के शरीर पर गंभीर चोटें आने से मौके पर ही मौत हो गई.

हादसे को देख लोगों में चीख पुकार मच गई, देखते ही देखते सैकड़ों लोग एकत्र हो गए, जिन्होने घटना पर आक्रोश जताते हुए प्रदर्शन किया. ग्रामीणों का कहना था कि मृतक के परिजनों को मुआवजा दिया जाए. घटना की खबर मिलते ही पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी पहुंच गए, जिन्होने ग्रामीणों से चर्चा कर उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया. करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण इस रोड पर जाम के हालात निर्मित हो गए थे. पुलिस ने पूछताछ के बाद फरार हुए  लोडिंग वाहन के चालक की तलाश शुरु कर दी है. 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-