एमपी में अब 6 से 8वीं तक के बच्चे मोबाइल-टैबलेट से करेगें पढ़ाई

एमपी में अब 6 से 8वीं तक के बच्चे मोबाइल-टैबलेट से करेगें पढ़ाई

प्रेषित समय :17:28:13 PM / Wed, Aug 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. जबलपुर में शासकीय स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं मोबाइल फोन व टैबलेट से पढ़ाई करेगें, राज्य शिक्षा केन्द्र ने डिजिटल शिक्षा से जोडऩे के लिए पहल शुरु की है. जिसके चलते कक्षा छठवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए ई-क्लास संचालित की जाएंगी. इन कक्षाओं में शिक्षक मोबाइल या टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक वीडियो दिखाएंगे. इससे विद्यार्थियों को विषयों को समझने में आसानी होगी और पढ़ाई को अधिक रुचिकर बनाने का प्रयास किया जाएगा.

राज्य शिक्षा केंद्र की ओर से जिला शिक्षा अधिकारी, डाइट प्राचार्य और जिला परियोजना समन्वयक को जारी निर्देशों में कहा गया है कि विद्यालयों में अध्यापन करने वाले शिक्षकों और विद्यार्थियों के बीच डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा दिया जाए. इसी उद्देश्य से ई-कक्षा की पहल शुरू की गई है. इसके अंतर्गत कक्षा छठवीं से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न विषयों से संबंधित शैक्षणिक वीडियो तैयार किए गए हैं.

विद्यार्थियों के लिए तैयार ई-कंटेंट ई-कक्षा मध्यप्रदेश के यू-ट्यूब चैनल और मिशन ज्ञान मोबाइल एप पर उपलब्ध कराया गया है. सभी शिक्षक अपने मोबाइल अथवा टैबलेट में इन डिजिटल प्लेटफार्म को उपलब्ध कराए गए निर्देशों के अनुसार उपयोग करेंगे. इसके बाद कक्षा में आवश्यकता के अनुसार संबंधित विषय का वीडियो विद्यार्थियों को दिखाया जाएगा. शिक्षकों को यह भी कहा गया है कि वे अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक डिजिटल शैक्षणिक सामग्री पहुंचाने का प्रयास करें. इससे विद्यार्थी विद्यालय के साथ-साथ घर पर भी उपलब्ध डिजिटल सामग्री के माध्यम से विषयों का दोहराव कर सकेंगे.

पढ़ाई को आसान और रुचिकर बनाने पर जोर

ई-क्लास का उद्देश्य केवल वीडियो दिखाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से पढ़ाई से जोडऩा है. कठिन विषयों और अवधारणाओं को वीडियो, चित्र और अन्य डिजिटल माध्यमों से समझाने पर विद्यार्थियों को विषयवस्तु को बेहतर तरीके से समझने में मदद मिलेगी. शिक्षक भी पाठ के अनुसार उपलब्ध ई-कंटेंट का चयन कर उसका उपयोग कक्षा शिक्षण में कर सकेंगे. मिशन ज्ञान एप को डिजिटल लर्निंग प्लेटफार्म के रूप में विकसित किया गया है. इसमें विद्यार्थियों के लिए आनलाइन शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध होने के साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित पाठ्यक्रम भी संचालित किए जाते हैं. इनमें नीट, एसएससी, रेलवे सहित अन्य सरकारी भर्ती परीक्षाओं की तैयारी के लिए नि:शुल्क पाठ्यक्रम शामिल हैं. इस पहल के माध्यम से स्कूली विद्यार्थियों को कम उम्र से ही डिजिटल माध्यम से सीखने की आदत विकसित करने और तकनीक आधारित शिक्षा से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-