जबलपुर. एमपी के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के आवास पर 26 अगस्त को रक्षाबंधन पर्व मनाया गया. इस अवसर पर सैकड़ों की संख्या में बहनों ने मंत्री को राखी बांधी और अपना स्नेह व्यक्त किया. मंत्री सिंह ने बहनों के प्रति कृतज्ञता जाहिर की और कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति का एक दिव्य स्वरूप है, जो भाई-बहन के अटूट प्रेम और सुरक्षा का प्रतीक है.
मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि बड़ी संख्या में बहनों ने संयम और अनुशासन के साथ उन्हें रक्षासूत्र बांधा. उन्होंने स्वीकार किया कि भीड़ और व्यवस्थित क्रम के कारण बहनों को प्रतीक्षा में कुछ कठिनाई हुई, लेकिन उनके स्नेह के लिए वे आभारी हैं. उन्होंने बहनों के इस अगाध प्रेम और स्नेह को अमूल्य बताया. मंत्री सिंह ने प्रदेश की 'लाडली बहनों' की भूमिका की सराहना की. उन्होंने कहा कि बहनों का यह आशीर्वाद केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे मध्य प्रदेश के विकास और समृद्धि का आधार है.
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाएं इसी आशीर्वाद का परिणाम हैं, जो बहनों के जीवन को सुखमय और आत्मनिर्भर बना रही हैं. अंत में, लोक निर्माण मंत्री ने समस्त देश और प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कामना की कि यह पावन त्यौहार सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लाए तथा भाई-बहन के प्रेम का यह पवित्र बंधन युगों-युगों तक अटूट और गौरवशाली बना रहे.

