नेपाल के बाद चीन में भी कांपी धरती, सिचुआन में 5.1 तीव्रता का भूकंप, हिमालयी क्षेत्र में बढ़ी चिंता

नेपाल के बाद चीन में भी कांपी धरती, सिचुआन में 5.1 तीव्रता का भूकंप, हिमालयी क्षेत्र में बढ़ी चिंता

प्रेषित समय :12:07:58 PM / Fri, Aug 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

काठमांडु/बीजिंग. दक्षिण-पश्चिम चीन के सिचुआन प्रांत में शुक्रवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए. चाइना अर्थक्वेक नेटवर्क्स सेंटर के मुताबिक, लॉन्गचांग शहर में 5.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. भूकंप के बाद फिलहाल चीन में किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है.

यह भूकंप ऐसे समय आया है जब पड़ोसी देश नेपाल पहले से ही बाढ़ और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहा है. लगातार सामने आ रही प्राकृतिक घटनाओं के कारण हिमालयी और आसपास के क्षेत्रों में भूगर्भीय गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ गई है.

चाइना अर्थक्वेक नेटवर्क्स सेंटर ने शुक्रवार को सिचुआन में आए भूकंप की पुष्टि की. केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र लॉन्गचांग शहर में था. फिलहाल अधिकारियों की ओर से किसी बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं की गई है. सिचुआन में भूकंप की घटना के बीच नेपाल में तीन दिन पहले भोटेकोशी नदी के पास भूस्खलन और बाढ़ ने भारी तबाही मचाई थी. इस आपदा में 490 से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है, जबकि करीब 1,500 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं.

प्रभावित इलाके में एक नई झील बनने से खतरा और बढ़ गया है. झील में लगातार पानी भर रहा है और इसके टूटने की स्थिति में आसपास के क्षेत्रों में फिर से विनाशकारी बाढ़ आने की आशंका जताई जा रही है. इसी बीच नेपाल में शुक्रवार देर रात 3.2 तीव्रता का हल्का भूकंप भी दर्ज किया गया. हालांकि, इससे किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है. चीन के सिचुआन में आए 5.1 तीव्रता के ताजा भूकंप और नेपाल में हालिया प्राकृतिक आपदाओं के बाद पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ गई है. फिलहाल संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-