जबलपुर-. रक्षाबंधन के त्योहार पर ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर बढऩे वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे ने सतना-कटनी के बीच 8 ट्रिप अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें चला रहा है. ये ट्रेनें 28 से 31 अगस्त तक प्रतिदिन संचालित हो रही हैं. रेलवे की ओर से भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए स्टेशनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.
सुबह कटनी से, शाम को सतना से चलेगी ट्रेन
स्पेशल ट्रेन 09015 कटनी से सतना के लिए सुबह 5:45 बजे रवाना होगी और 8:45 बजे सतना पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 09016 सतना से शाम 6:30 बजे रवाना होकर रात 8:50 बजे कटनी पहुंचेगी. इन स्पेशल ट्रेनों में कुल 17 कोच होंगे. इनमें 15 सामान्य श्रेणी के कोच और 2 एसएलआर कोच शामिल हैं.
इन स्टेशनों पर ठहराव
कटनी-सतना के बीच स्पेशल ट्रेन का ठहराव पटवारा, झुकेही, पकरिया रोड, अमदरा, घुनवारा, भदनपुर, मैहर, उचेहरा और लगरगवां स्टेशनों पर रहेगा. वापसी में भी ट्रेन इन प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी.
हर चार घंटे में मांगी जा रही भीड़ की रिपोर्ट
त्योहारी सीजन को देखते हुए रेलवे अधिकारियों द्वारा स्टेशनों और प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ की लगातार निगरानी की जा रही है. अधिकारियों से हर चार घंटे में भीड़ की रिपोर्ट मांगी जा रही है. अत्यधिक भीड़ की स्थिति में तत्काल आवश्यक इंतजाम कर यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
आरपीएफ-जीआरपी की रहेगी तैनाती
रक्षाबंधन के कारण यात्रियों की संख्या बढऩे की संभावना को देखते हुए रेलवे स्टेशनों पर आरपीएफ और जीआरपी के जवानों के साथ रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी भी तैनात रहेंगे. रेलवे ने यात्रियों से प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में धक्का-मुक्की से बचने तथा निर्धारित स्थानों से ही ट्रेन में चढऩे और उतरने की अपील की है.
रक्षाबंधन पर सतना-कटनी रूट पर 8 स्पेशल ट्रेनें चला रहा, 28 से 31 अगस्त तक मिलेंगी सेवाएं
प्रेषित समय :12:21:54 PM / Fri, Aug 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर


